फर्रुखाबाद। रक्षाबंधन पर घर आ रहा मैनपुरी का युवक जहरखुरानी गिरोह का शिकार हो गया। रोडवेज बस अड्डे पर बेहोशी की हालत में मिलने पर उसको एंबुलेंंस से लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जनपद मैनपुरी के गांव कुर्रा पतारा निवासी अभिषेक(19) दिल्ली में प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है। वह रविवार रात रक्षाबंधन के त्योहार पर घर आने के लिए रोडवेज बस में सवार हुआ। रास्ते में जहरखुरानी गिरोह के सदस्यों ने उसको नशीला बिस्कुट खिला दिया। अभिषेक बेहोश हो गया। गिरोह के सदस्य उसका बैग, रुपये व मोबाइल लेकर चले गए। चालक व परिचालक ने अभिषेक को बेहोशी की हालत में रोडवेज बस अड्डे पर उतार दिया। सोमवार सुबह सवारियों ने युवक को बेहोश देखा तो यूपी 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची एंबुलेंस ने अभिषेक को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के बाद होश में आने पर अभिषेक ने नशीला बिस्कुट खिलाने की बात बताई। उसने परिजनों को सूचना दी। (संवाद)