फर्रुखाबाद। हापुड़ और मैनपुरी क्लब के बीच हुआ रोमांचकारी मैच टाई होने के बाद मैनपुरी क्लब ने सुपरओवर में मैच जीतकर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। फाइनल मैच मैनपुरी और गोरखपुर के बीच खेला जाएगा।
फर्रुखाबाद टूर्नामेंट के तहत रविवार को ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्टेडियम में हापुड़ क्लब और मैनपुरी क्लब के बीच सेमीफाइनल मैच खेला गया। मैनपुरी क्लब के कप्तान बंटी यादव ने टास जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया।
हापुड़ की टीम अभिषेक की धुआंधार 76 रनों की पारी के चलते निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट खोकर 126 रन बना सकी। देवा ने 12 और अतुल ने 19 रनों का योगदान दिया। बंटी यादव ने दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मैनपुरी क्लब के खिलाड़ियों ने भी जुझारू प्रदर्शन करते हुए मैच टाई करा लिया।
वैभव ने 22, कामरान ने 15 और संजीव तथा आकिल ने 12-12 रन बनाए। हापुड़ टीम के गेंदबाज अभिषेक ने तीन विकेट झटके। मैच टाई होने के बाद दोनों के बीच सुपरओवर खेला गया। सुपरओवर में मैनपुरी ने नौ रन बनाए। हापुड़ की टीम छह रन ही बना सकी।
सुपरओवर में हापुड़ को हराकर मैनपुरी क्लब ने फाइनल में जगह पक्की की। अंपायरिंग प्रबल पाठक, रफीकुल अंसारी और कमेटेंरी युसूफ अली ने की। स्कोरर विक्रांत द्विवेदी रहे। इस अवसर पर जिला उप क्रीड़ाधिकारी रुचिर गौरव, विकास यादव, अजय, राका रंजन मिश्र और नरेंद्र राठौर आदि मौजूद रहे।