फर्रुखाबाद। मैनपुरी से चुरी का गुल्ला लेकर आई एक डीसीएम वापस होते समय चालक समेत लापता हो गया। डीसीएम मालिक मैनपुरी के पावर हाउस रोड निवासी ब्रजेंद्र प्रताप सिंह ने शमसाबाद थाने में तहरीर दी।
ब्रजेंद्र ने बताया कि मंगलवार सुबह 11 बजे उनके चालक ब्रजमोहन डीसीएम में चुरी का गुल्ला लेकर चिलसरा के पास एक भट्ठे पर आया था। वापस जाते समय भिड़़ौर के पास से चालक और डीसीएम लापता हो गई। चालक के मोबाइल पर एक बार बात हुई। उसने बताया कि उसे कुछ लोग पकड़कर ले जा रहे हैं। इसके बाद उसके मोबाइल पर घंटी जाती रही लेकिन फोन रिसीव नहीं हो रहा। थानाध्यक्ष रमेश सिंह ने बताया कि घटनास्थल मऊदरवाजा थाने का है। डीसीएम मालिक को बता दिया गया है। मऊदरवाजा थाना पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में ले लिया है। मामला दो नेताओं के बीच का होने की वजह से फिलहाल कोई कार्रवाई नहीं की गई है। मामला रुपये के लेन-देन का बताया जा रहा है।