रेलवे मजिस्ट्रेट की देखरेख में फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन पर चलाए जा रहे चेकिंग अभियान में टिकट को लेकर एक महिला ने जमकर हंगामा किया। यही नहीं उसने टीटी पर चप्पल भी तान दी। जानकारी पर पहुंचे मुख्य चल टिकट निरीक्षक ने जैसे-तैसे मामला शांत करवाया। इस दौरान 40 बगैर टिकट यात्री पकड़े गए। इसके अलावा करीब 28 हजार रुपया जुर्माना वसूला गया।
रेलवे मजिस्ट्रेट रामानंद निषाद की देखरेख में शुक्रवार सुबह से ही रेलवे स्टेशन फर्रुखाबाद पर टिकट चेकिंग अभियान चल रहा था। कई टीटी और रेलवे कर्मचारी स्टेशन पर मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक प्लेटफार्म संख्या 2 पर टूंडला-फर्रुखाबाद पैसेंजर ट्रेन से एक महिला उतरी।
इस दौरान टीम में शामिल एक टीटी ने महिला को रोक लिया और टिकट मांगी। महिला ने टिकट दिखाई तो उन्होंने टिकट अपने पास रख ली। महिला प्लेटफार्म संख्या 5 पर बने रेलवे स्टेशन के मुख्यगेट से बाहर निकलने लगी तो यहां टीटी राघवेंद्र मिश्रा ने टिकट मांगा।
इस पर उसने बताया कि प्लेटफार्म नंबर दो पर एक अन्य टीटी ने उससे टिकट ले लिया। राघवेंद्र मिश्रा महिला को लेकर प्लेटफार्म दो पर पहुंचे। चेकिंग टीम में कई टीटी शामिल थे इसलिए महिला पहचान नहीं सकी कि उसने टिकट किसे दिया है। इस पर महिला और टीटी में नोकझोंक होने लगी।
मामला बढ़ने पर महिला गुस्सा गई और उसने अपनी चप्पल उतारकर एक टीटी पर तान दी। हंगामे की जानकारी पर मुख्य चल टिकट निरीक्षक रामदास मौके पर पहुंच गए। उन्होंने जैसे-तैसे मामला निपटाया। मुख्य चल टिकट निरीक्षक रामदास ने बताया कि टिकट को लेकर कन्फ्यूजन हो गया था।
समझाकर महिला को भेज दिया गया। बताया कि 40 यात्रियों को बगैर टिकट पकड़ा गया। इनमें से 34 लोगों को जुर्माना देने पर छोड़ दिया गया। उधर, टीटी राघवेंद्र सिंह ने बताया कि महिला से जब टिकट मांगी तो उसने बताया कि टिकट वह दूसरे टीटी को दे आई है।