कमालगंज। गांव की सरकार के लिए आधी आबादी ने जन संपर्क की कमान मजबूती से संभाल ली है। हाथ में मतपत्र का नमूना थामे बड़े-बूढ़ों को अपना चुनाव चिह्न पूरी आत्मीयता से महिलाएं समझा रहीं हैं। चार महिलाओं की ऐसी ही टोली गुरुवार को उबरीखेड़ा रेलवे क्रासिंग के पास स्थित घरों में कुंडी खटकाकर दस्तक दे रही थी। दरवाजे खुले तो दरवाजे से ही बड़ी अम्मा पांव लागैं के साथ घर के अंदर प्रवेश किया। साथ की महिलाओं ने कहा। अम्मा अब तौ चुनाव चिह्न भी मिल गओ।
अब तौ वोट देन को और जीतन को आशीर्वाद दई देओ। अम्मा बोलीं, जरूर बिटिया। हम तौ सबहिं कौ आशीर्वाद दिहैं। गांव के रतीराम ने बताया कि पहले महिला सीट के लिए उनके परिवार के पुरुष ही वोट मांगते दिखते थे। लेकिन अब अधिकांश महिला उम्मीदवार भी अपनी टोली के साथ वोट मांगने निकल रही हैं।