शौच से घर लौट रही बालिका की मैजिक की चपेट में आने से घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इससे आक्रोशित गांव वालों ने कादरीगेट पांचालघाट रोड पर जाम लगा दिया। सूचना पर एसडीएम सदर समेत फोर्स मौके पर पहुंची। जाम हटवाने को लेकर ग्रामीणों की शहर कोतवाल से नोकझोंक भी हुई। काफी प्रयास के बाद शव वहां से हटाया गया। मृतक की मां ने मैजिक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थाना कमालगंज के गांव जीरागौर निवासी अरविंद जाटव की पत्नी भाग्यशीला अपनी रिश्तेदारी में शहर के गांव चांदपुर में राकेश जाटव के यहां 10 दिन पहले आई थी। मंगलवार की सुबह अरविंद की बेटी मुस्कान (4) शौच से वापस लौट रही थी।
गांव के सामने सड़क पार करते समय कादरीगेट की ओर से आ रही तेज रफ्तार टाटा मैजिक की चपेट में आकर बालिका की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे को देख चालक ने वहां से भगाने का प्रयास किया। मगर गांव के लोगों ने उसे घेरकर पकड़ लिया और पिटाई करने के साथ पत्थर मारकर गाड़ी का शीशा भी तोड़ दिया।
आक्रोशित ग्रामीणों ने मौके पर ही सड़क के दोनों तरफ सीढ़ी और बल्ली लगा जाम कर दी। सूचना पर शहर कोतवाल देवेंद्र शर्मा फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान ग्रामीणों ने उनकी जीप को आगे जाने से रोक दिया और आगे खड़े होकर नारेबाजी करने लगे। कोतवाल जीप से उतर आए और ग्रामीणों को जाम खोलने का प्रयास करने लगे। इस बीच ग्रामीणों की कोतवाल से तीखी नोकझोंक हो गई।
थोड़ी देर में पांचालघाट चौकी प्रभारी संजय यादव भी वहां जा पहुंचे। यहां पर दरोगा का महिलाओं से विवाद हो गया। मामला बिगड़ते देख कोतवाल ने इसकी जानकारी आलाधिकारियों को दी। सूचना मिलने पर सीओ सिटी लेखराज सिंह, फतेहगढ़ कोतवाल अजीत सिंह, तहसीलदार आरपी चौधरी, लेखपाल मान सिंह समेत अन्य अधिकारी फोर्स के साथ मौके पर जा पहुंचे। परिजनों ने मुआवजा और वहां पर ब्रेकर बनाए जाने की मांग की। इस दौरान अफसरों ने जैसे तैसे समझाकर मामले को शांत किया।
पुलिस ने शव टेंपो पर रखवाया तो महिलाएं सामने आ गईं। पुलिस ने उन लोगों को वहां से हटाकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की मां ने टेंपो चालक लेखराज सक्सेना निवासी नोनमगंज के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने पोस्टमार्टम हाउस में ही बालिका के शव का पंचनामा भरा।