फर्रुखाबाद। धोखाधड़ी के मुकदमे में माफिया अनुपम दुबे की रिमांड कोर्ट ने मंजूर कर ली है। कड़ी सुरक्षा में पुलिस माफिया को मथुरा जेल से कोर्ट में पेश करने के लिए लाई। कचहरी में पुलिस व पीएसपी तैनात रही।
मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के गांव बहादुरगंज निवासी एकलव्य कुमार ने फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कसरट्टा निवासी माफिया बसपा नेता डॉ.अनुपम दुबे, ब्लाॅक प्रमुख भाई अमित दुबे उर्फ बब्बन, अनुराग दुबे उर्फ डब्बन, अभिषेक दुबे उर्फ जीतू, मोहल्ला दीवान मुबारिक निवासी इसरार अहमद, मोहल्ला कुचिया निवासी रामश्याम, मोहल्ला बजरिया सालिगराम निवासी राकेश कुमार, तत्कालीन चकबंदी अधिकारी सत्य प्रकाश सचान, हरिओम त्यागी, तत्कालीन चकबंदीकर्ता अनिरुद्ध त्रिवेदी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
इसमें धोखाधड़ी कर जमीन हड़पने व जातिसूचक गाली-गलौज कर अपमानित करने का आरोप लगाया था। अनुपम दुबे इंस्पेक्टर रामनिवास हत्याकांड में आजीवन कारावास की सजा में मथुरा जेल में बंद है। मुकदमे की विवेचना कर रहे विवेचक ने कोर्ट में अनुपम दुबे की रिमांड के लिए प्रार्थना पत्र दिया था। सोमवार को मथुरा जेल से अनुपम दुबे को कड़ी सुरक्षा में कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने रिमांड मंजूर कर ली। सुनवाई के लिए 26 जुलाई की तिथि नियत की है।