लखनऊ रैली में रवाना होने से पहले क्रिश्चियन कालेज मैदान पर प्रदर्शन करते शिक्षक।
- फोटो : अमर उजाला
फर्रुखाबाद। प्राथमिक शिक्षक संघ के बैनर तले 22 सूत्री मांगों को लेकर शिक्षकों ने क्रिश्चियन कालेज मैदान पर प्रदर्शन किया। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय आह्वान पर जिलाध्यक्ष विजय बहादुर सिंह यादव के नेतृत्व में सैकड़ों शिक्षक लखनऊ गए।
जिलाध्यक्ष विजय बहादुर ने बताया कि जिले के शिक्षक संघ के बैनर तले 11 बसों और चार पहिया वाहनों से लखनऊ गए। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की पुरानी पेंशन बहाली, शिक्षकों के गृह जनपद ट्रांसफर, मृतक शिक्षकों के आश्रितों को टीचर पद पर नियुक्ति, ग्रेड वेतन 4600 व 4800 पाने वाले शिक्षकों का आरंभिक न्यूनतम मूल वेतन 17140 व 18150 करने, शिक्षकों को राज्य कर्मचारियों की तरह निशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाने, शिक्षकों के बच्चों को बीएड, बीटीसी में प्रवेश के समय 10 अंकों की छूट देने, परिषदीय विद्यालयों में दूध वितरण बंद करवाने, शिक्षकों को अन्य कार्यों से विरत करने, बीमा राशि को बढ़ाकर 5 लाख करने, विद्यालयों में सफाई कर्मचारी व चौकीदार की तैनाती, मकान का किराया भत्ता देने, शिक्षकों का आडिट के नाम पर शोषण बंद करने, पदोन्नति के लिए कोटा निर्धारण करने, विद्यालय में खेलकूद और स्काउटिंग के लिए धन आवंटित करने आदि मांगों को लेकर धरना दिया गया। रैली में जाने वालों में राजकिशोर शुक्ला, मुन्नालाल गुप्ता, मुन्नालाल यादव, अजीत सिंह, राहुल, केशव, अरविंद सिंह, शकील आदि मौजूद रहे।