ब्लाक संसाधन केंद्र पर चल रहे निष्ठा प्रशिक्षण में शिक्षकों को दिए जाने वाले नाश्ते व भोजन में गोलमाल है। निर्धारित मेन्यू के आधार पर सुबह-शाम नाश्ता और दोपहर में भोजन नहीं दिया जा रहा है।
सुबह नाश्ते में कच्ची पकौड़ी और दोपहर को अधपकी रोटी दी जा रही है। पनीर की सब्जी, गाजर का हलवा व फ्रूट रायत गायब है। खराब भोजन दिए जाने का शिक्षकों ने सोमवार को विरोध कर दिया। इसकी शिकायत बीईओ से की। बीईओ ने ठेकेदार के कर्मचारी को फटकार लगाई और अच्छा भोजन देने के निर्देश दिए।
बीआरसी राजेपुर में शिक्षक, शिक्षामित्रों और अनुदेशक को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। राज्य परियोजना निदेशक लखनऊ से प्रशिक्षण में नाश्ता और भोजन के लिए बजट आया है। तय मेन्यू से नाश्ता व भोजन नहीं दिया जा रहा है। सोमवार सुबह नाश्ते में चाय, काफी और पालक की पकौड़ी दी गईं। पकौड़ी कच्ची थीं।
दोपहर में भोजन में तले हुए आलू, राजमा , अरहर की दाल, चावल और रोटी दी गई। रोटी अधपकी होने पर शिक्षकों ने बीईओ रमेश चंद्र जौहर से शिकायत की। बताया कि पनीर की सब्जी, हरी सब्जी और गाजर का हलवा समेत मेन्यू में जो अन्य कुछ है, वह नहीं दिया जा रहा है। बीईओ ने खाना बनाने वाले कारीगर को बुलाकर फटकार लगाई और मानक से नाश्ता व खाना देने को कहा।
नाश्ते का ये है मेन्यू : सुबह नाश्ते में चाय या काफी, प्याज की पकौड़ी, चार स्लाइस ब्रेड बटर या जैम लगी हुई, चना, मसालेदार आलू की पकौड़ी। शाम को काफी या चाय, पेटीज, पनीर पकौड़ी या समोसा।
दोपहर भोजन: मटर पनीर, छोले, सीजनल हरी सब्जी, फ्रूट रायता, चावल, पापड़, सलाद, हरी सब्जी, बूंदी का रायता, रसमलाई, मटर मशरूम, दाल मखनी, गाजर का हलवा, शाही पनीर, मिक्स वेज, रसेदार सब्जी, कढ़ी चावल।
खंड शिक्षा अधिकारी रमेश चंद्र जौहर का कहना है कि उनके हाथ में कुछ नहीं है। मैन्यू के अनुसार भोजन न दिए जाने की जानकारी बीएसए को दी जाएगी। अगर ठेकेदार मेन्यू के अनुसार भोजन नहीं देंगे तो उनका टेंडर निरस्त किया जाएगा।