- कादरीगेट थाने के पास ई-रिक्शा पर जेब काटने के बाद थैला लूटकर भागे बाइक सवार
- दिनदहाड़े घटना को दिया अंजाम, गिरने से व्यापारी घायल, सीसीटीवी में दिखे लुटेरे
संवाद न्यूज एजेंसी
फर्रुखाबाद। तगादा करके दुकान जा रहे एक दाल व्यापारी से थाने से कुछ दूरी पर बाइक सवार बदमाशों ने 85 हजार रुपये से भरा थैला लूट लिया। बदमाश ने व्यापारी को धक्का देकर गिरा दिया और फरार हो गए। दिनदहाड़े बीच बाजार में हुई घटना से दहशत फैल गई। सीसीटीवी कैमरे में बदमाश बाइक से भागते दिख रहे हैं। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
शहर के मोहल्ला कछियाना निवासी राजकुमार वर्मा की लिंजीगंज फाटक के नीचे दाल की थोक दुकान है। वह बाजार में तकादा करने के बाद दोपहर करीब तीन बजे लालगेट से ई-रिक्शा पर सवार हुए। उनकी सीट पर एक युवक बैठा था। वह कादरीगेट थाने से कुछ आगे मोहल्ला नरकसा के पास पहुंचे कि युवक ने उनकी जेब काट ली। आभास होते ही युवक को पकड़ना चाहा, तो वह हाथ में मौजूद रुपयों से भरा थैला लूटकर भाग गया।
झटका लगने से राजकुमार ई-रिक्शा से जमीन पर जा गिरे। इससे उनके कंधे में काफी चोट आई। ई-रिक्शा से कूदा बदमाश पीछे आ रहे बाइक पर सवार होकर फरार हो गया। आसपास के लोगों ने शोरगुल किया, मगर कुछ पता नहीं चला।
कुछ ही देर में उनके बड़े भाई पूर्व सभासद अशोक वर्मा और परिवार के लोग पहुंचे। लोगों की सूचना पर कादरीगेट थाना पुलिस भी पहुंच गई। जानकारी के बाद आसपास के सीसीटीव फुटेज खंगाले, जिसमें बदमाश बाइक से भागते दिख रहे हैं। व्यापारी राज कुमार वर्मा ने बताया कि उनकी जेब में तीन हजार रुपये और थैले में 82 हजार रुपये थे। पुलिस ने ई-रिक्शा चालक से भी पूछताछ की। पुलिस ने संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है। पीड़ित ने थाने में तहरीर दे दी है।
दिनदहाड़े घटना से व्यापारियों में रोष
दिनदहा़ड़े व्यापारी से हुई लूट की घटना से व्यापारियों में रोष व्याप्त है। व्यापारी श्यामसुंदर ने बताया कि घटनास्थल से थाना करीब 200 मीटर दूर होगा। इस तरह घटना को अंजाम देने से साफ है कि बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने पुलिस से शीघ्र खुलासे की मांग की है।