कायमगंज। लूटी गई डीसीएम के स्पेयर पार्ट्स शुक्रवार को बंबा किनारे बरामद हुए हैं। माना जा रहा है कि डीसीएम के शमसाबाद में लावारिस हालत में बरामद होने के बाद लुटेरे पकड़े जाने के भय से गत्ते बंबे के पास फेंक गए। माल बरामद होने पर पुलिस ने डीसीएम चालक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस घटना को अमानत में खयानत का मामला मान रही है।
हरियाणा प्रांत के जिला मेवात के गांव बढेढ़ निवासी साजिद ने मंगलवार को कोतवाली में तहरीर दी थी। साजिद के मुताबिक वह फरीदाबाद से स्पेयर पार्ट्स लाद कर बाराबंकी जा रहा था। सुबह 4 बजे रूटौल गांव के पास बोलेरो सवार बदमाशों ने डीसीएम लूटकर उसे व परिचालक यूसुफ को कुरावली थाना क्षेत्र में फेेंक दिया था। बुधवार रात लूटी गई डीसीएम लावारिस हालत में शमसाबाद थानाक्षेत्र के गांव रजलामई के पास मिली थी। इसमें से माल गायब था। केबिन में चालक, परिचालक के पर्स रखे मिले थे।
डीसीएम मिलने के बाद पुलिस का माथा ठनका था। पुलिस माल के आस पास होने के कयास लगाकर तलाश कर रही थी। पुलिस के बढ़ते दबाव के चलते लुटेरों ने गुरुवार देर रात क्षेत्र के गांव ममापुर जाने वाले मार्ग पर पढ़ने वाले बंबा के पास स्पेयर पार्ट्स से भरे 105 गत्ते फेंक दिए। सुबह ग्रामीणों ने गत्ते पड़े देख पुलिस को सूचना दी। इस पर कोतवाल रूम सिंह यादव मौके पर पहुंचे। यह गत्तों को गाड़ी में भरवाकर थाने ले आए। पुलिस ने माल बरामद होने के बाद चालक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया।
कोतवाल ने बताया कि घटना को अमानत में खयानत करने के उद्देश्य से अंजाम दिया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस के बढ़ते दबाव को देखकर छुपाए गए माल को इस तरह से फेंका गया है। उन्होंने बाकी का माल भी जल्द मिलने के आसार जताए हैं।