खरबूजा की फसल देखने गए ग्रामीण की कंटीली बाड़ में उतरे कंरट की चपेट में
आने से मौत हो गई। मौत की खबर पर परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने
बिजली विभाग के कर्मचारियों पर आक्रोश जताया। पुलिस ने शव का पंचनामा भर कर
पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव मसेनी नगला निवासी अशफाक खां (42)
बटाई पर खेत किए हुए था। इसमें खरबूजा की फसल है। फसल को जानवरों से बचाने
के लिए उसने चारों तरफ कटीले तारों की बाड़ लगाई थी। शुक्रवार की शाम आई
तेज आंधी के कारण बिजली का तार टूट कर बाड़ पर गिर गया था। इसका किसी को
पता नहीं चला। सप्लाई चालू होने से बिजली के तार से बाड़ में भी करंट फैल
गया था। शनिवार की सुबह आफाक खां फसल देखने के लिए खेत गया था। खेत में
घूमते समय उसने लोहे के कंटीले तार को पकड़ लिया। करंट लगते ही यह तड़पने
लगा और कुछ समय में ही दम तोड़ दिया। अशफाक की मौत की खबर गांव में
पहुंचते ही परिजन मौके पर पहुंचे। शव देखकर पत्नी आशमा बेगम अपनी सुधबुध
खो बैठी। परिजनों ने बताया कि खेतीबाड़ी से
ही अशफाक के परिवार का भरण पोषण
होता था। परिजनों ने बताया कि बिजली के जर्जर तारों को बदलवाने के लिए
विभाग को कई बार कह चुके हैं। विभाग ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया। आंधी के
दौरान इलाके में बिजली के तार टूट कर गिर गए थे। इसकी जानकारी बिजली
कर्मचारियों को दी गई थी। उन्होंने तार ठीक नहीं किए। इससे यह हादसा हो
गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।