अब रविवार के साथ ही अवकाश के दिनों में भी लोहिया अस्पताल खुलेगा। महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य ने बुखार के बढ़ रहे प्रकोप के चलते यह निर्णय लिया है। आदेश लोहिया अस्पताल आ गए हैं। सीएमएस ने एक डाक्टर समेत अन्य की ड्यूटी लगा दी है।
एक महीने में जैसे-जैसे बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही थी। वैसे-वैसे इसकी जानकारी शासन को दी जा रही थी। मरीजों की संख्या बढ़ने पर महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य ने बीमार मरीजाें को किसी प्रकार की कोई दिक्कत न हो इसलिए रविवार के अलावा अन्य अवकाश के दिनों में भी लोहिया अस्पताल को सुबह 8 बजे से 2 बजे तक खोलने के आदेश दिए हैं। शनिवार को आदेश आते ही सीएमएस डा. बीबी पुष्कर ने इसके लिए ड्यूटी लगा दी है।
सीएमएस ने बाल रोग विशेषज्ञ डाॅ. एसपी सिंह, लैब टैक्नीशियन जेपी वर्मा, दवा काउंटर पर फार्मासिस्ट संजीव कुमार और पर्चा काउंटर पर रामलखन तोमर की ड्यूटी लगाई गई है।
सीएमएस ने बताया कि शासन के आदेश पर रविवार को भी अस्पताल खुलेगा। हालांकि एक डाक्टर ही मरीजों को देखेगा।
शासन ने मरीजों को किसी प्रकार की कोई दिक्कत न हो इसलिए यह कदम उठाया है। छुट्टी के दिन मरीजों को परेशानी उठानी पड़ती थी। रविवार और अन्य अवकाश के दिनों में लोहिया अस्पताल खुलने से दवा लेने आने वाले गरीब मरीजों को काफी राहत मिलेगी। ये व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।