फर्रुखाबाद। फिरोजाबाद की जेल में बंद गैंगस्टर के आरोपी बसपा नेता डॉ. अनुपम दुबे के ठंडी सड़क स्थित होटल के चोरों ने ताले तोड़ दिए। सूचना पर पहुंची तहसीलदार व सीओ सिटी ने वारदात की जांच की। होटल से एक दीवार का पंखा गायब मिला। अंदर से एक पेचकस और लोहे की मोटी रॉड बरामद हुई। कई कमरों के ताले भी टूटे मिले। तहसीलदार ने सामान चोरी होने से इन्कार किया। बताया कि वह तहरीर देंगी।
फतेहगढ़ के मोहल्ला कसरट्टा निवासी बसपा नेता डॉ. अनुपम दुबे और उनके भाइयों पर पुलिस ने करीब डेढ़ साल पहले गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा दर्ज किया था। इसी के बाद उनकी संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई शुरू की गई। तहसीलदार श्रद्धा पांडेय ने 27 जून 2022 को ठंडी सड़क स्थित होटल गुरुशरणम को कुर्क कर सील कर दिया था। होटल के सभी 16 कमरों में प्रशासन ने अपने ताले डालकर सील किए थे।
यही नहीं, मुख्य भवन के अलावा मुख्य द्वारों को भी सील कर दिया गया था। मंगलवार सुबह 10 बजे तहसीलदार के चतुर्थ श्रेणी कर्मी को पड़ोस के व्यक्ति ने फोन पर बताया कि होटल में सुबह चार बजे एक युवक कूदते दिखाई दिया था। सूचना पर तहसीलदार श्रद्धा पांडेय, सीओ सिटी प्रदीप सिंह, कादरीगेट थाना प्रभारी विनोद शुक्ला और एसओजी को कुछ सिपाही मौके पर पहुंचे।
तहसीलदार ने बसपा नेता के दो कर्मचारियों को बुलाकर मुख्य गेट का ताला खोलकर अंदर जांच की। करीब आधा घंटे बाद सीओ सिटी और थानाध्यक्ष बाहर निकले। उन्हीं के साथ एक सिपाही पॉलिथीन में एक पेचकस व लोहे ही मोटी रॉड लेकर निकला और कार में रख लिया। पुलिस ने बसपा नेता के कर्मियों को मुख्य भवन के भीतर नहीं जाने दिया। हालांकि एक कर्मचारी ने बताया कि रिसेप्शन के पास एक दीवार पर लगा पंखा नहीं दिखा। कितने कमरों के ताले टूटे व उनसे क्या गायब है, यह देखने को नहीं मिला। तहसीलदार श्रद्धा पांडेय ने बताया कि पड़ोसी की सूचना पर वह पहुंची थीं। ताले तोड़े गए हैं, मगर सामान कोई गायब नहीं हुआ है। उन्होंने दोबारा नए ताले लगाकर सील करवा दिया है। वह इस मामले की तहरीर कादरीगेट पुलिस को देंगी। पुलिस खुद जांच करेगी।
पुलिस अधिकारियों ने पड़ोस की गली के पास बने मकान मालिक से भी पूछताछ की। उन्होंने सुबह छत से एक युवक को गेट से कूदते हुए देखा था। एसओजी के सादा वर्दी के सिपाहियों ने गलियों में भी संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है।