फर्रुखाबाद। बसपा नेता अनुपम दुबे के ड्राइवर सहित 11 के खिलाफ पुलिस ने एसपी के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर लिया। इन लोगों पर मकान पर कब्जा कर जान से मारने की धमकी का आरोप है।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के न्यू आदर्श कालोनी लोको रोड मसेनी निवासी अल्का बाथम ने बसपा नेता डाॅ. अनुपम दुबे के मोहल्ला तलैया लेन निवासी ड्राइवर मोहित सक्सेना, मोहल्ले के निवासी देवर अभिषेक, देवरानी पूनम देवी, भतीजा अमन, भतीजी दीपांशी, पूजा कठेरिया व पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ एसपी के आदेश पर मुकदमा दर्ज कराया।
इसमें आरोप लगाया कि पति पंकज बाथम का पुश्तैनी मकान है। इस मकान में देवर अभिषेक के साथ संयुक्त रूप से रहते थे। काम के सिलसिले में अप्रैल में वह पति व बच्चों के साथ जयपुर चले गए। 13 जून को परिवार सहित घर वापस आए, तो कमरे का ताला टूटा हुआ था। उसमें रखा सारा सामान चोरी हो चुका था। घर में घुसने का प्रयास करने पर अभिषेक ने बसपा नेता के ड्राइवर मोहित को बुलाने के लिए फोन किया।
मोहित ने देवर से कमरे में अपना ताला डालने के लिए कहा। किसी भी कीमत में घुसने नहीं देने की बात कहकर चार पांच लोगों को भेजने का वादा किया। कुछ देर में सभी लोगों ने गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस मौके पर आई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। कोतवाल सचिन कुमार सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर छानबीन की जा रही है।