फर्रुखाबाद। राजस्थान के कोटा में मेडिकल प्रवेश की तैयारी कर रहे जिले के 99 छात्रों को लॉकडाउन के चलते यहां भेजा गया था। स्वास्थ्य विभाग छात्रों के क्वारंटीन की जानकारी फोन से ले रहा है। अब इनके क्वारंटीन की हकीकत जानने के लिए आशाओं को रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
कोटा के कोचिंग सेंटर में पढ़ाई कर रहे 99 छात्र-छात्राएं व उनके कुछ परिजनों को इसी सप्ताह लाया गया। फतेहगढ़ के शेल्टर होम में सभी की रैपिड कार्ड से कोरोना जांच की गई। निगेटिव रिपोर्ट आने पर उन्हें घरों में भेजकर 14 दिन तक क्वारंटीन रहने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी व कर्मचारी उनके घरों में न जाकर फोन से लगातार संपर्क में हैं। सीएमओ ने कोटा से आने वाले सभी लोगों के स्वास्थ्य संबंधी रिपोर्ट मांगी। इस पर आशाओं को उनके घर जाकर क्वारंटीन की स्थिति देखने के साथ रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए।
एसीएमओ दलवीर सिंह ने बताया कि कोटा से आए छात्र-छात्राओं व उनके परिजनों की रिपोर्ट आशाओं से मांगी गई है।