शॉपिंग स्टोर के कर्मचारी से लूट के आरोपी पुलिस गिरफ्त में। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। शॉपिंग स्टोर कर्मचारी के साथ मंगलवार शाम बरेली-इटावा हाईवे पर लूट करने वाले दोनों आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जेल भेज दिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो तमंचे कारतूस व घटना में प्रयुक्त बाइक व 550 रुपये बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह लॉकडाउन के बाद से बेरोजगार थे। इसलिए लूट की घटना को अंजाम दिया।
राजेपुर थाना क्षेत्र के गांव बकसपुर निवासी अरुण शहर कोतवाली क्षेत्र की ठंडी सड़क के एक शॉपिंग स्टोर में कर्मचारी हैं। मंगलवार शाम को वह बाइक से अपने गांव जा रहे थे। बरेली-इटावा हाईवे पर गौटिया गांव के सामने पीछे से आए बाइक सवार लुुटेरों ने तमंचे के बल पर आठ सौ रुपये लूट लिए थे। अरुण ने लुटेरों की बाइक का नंबर नोट कर पुलिस को बता दिया था।
एसओ जयंती प्रसाद गंगवार ने उसी नंबर के आधार पर गांव निबिया निवासी हरिशरन व रमेश कुमार को पकड़ लिया। एसपी डॉ. अनिल मिश्रा ने खुलासा करने वाली टीम को ईनाम देने की घोषणा की है।