मोहम्मदाबाद। बिजली का बिल बकाया होने पर कनेक्शन काटने गए लाइनमैनों से मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी गई। अवर अभियंता ने दो ग्रामीणों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है।
अवर अभियंता अजीत कुमार ने अपने क्षेत्र में बिजली का बिल बकाया होने पर लाइनमैनों को कनेक्शन काटने के निर्देश दिए थे। गांव गैसिंगपुर निवासी लाइनमैन दुर्विजय व आशीष ने नलकूप का बिल बकाया होने पर मोतीलाल का कनेक्शन काट दिया। 12 जनवरी को मोतीलाल ने उपकेंद्र में आकर लाइनमैन दुर्विजय के साथ गाली गलौज कर मारपीट की। इससे मौके पर खलबली का माहौल हो गया। अन्य कर्मचारियों के पहुंचने पर मोतीलाल भाग गया। वह कनेक्शन जोड़ने का दबाव बना रहे थे। गांव साहिबाबाद निवासी राकेश का बिल बकाया होने पर लाइनमैन अखिलेश ने कनेक्शन काट दिया था। राकेश ने मोबाइल पर अखिलेश को फोन कर घर में घुसकर मारपीट करने की धमकी दी। कोतवाल अमरपाल सिंह ने इस मामले में जांच के बाद मुकदमा दर्ज करने का भरोसा दिया।