जहानगंज। लाइनमैन को बंधक बनाकर पीटने के आरोप में पुलिस ने प्रधान सहित दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
थाना क्षेत्र के गांव मीरपुर निवासी सुरजेेश गैसिंगपुर बिजली सब स्टेशन पर संविदा पर लाइनमैन है। बुधवार को गांव रतनपुर में बिजली का फाल्ट होने की सूचना पर मरम्मत करने के लिए जा रहा था। गांव में पहुंचा तो रास्ते में प्रधान सतीश यादव व साथी मनोज के साथ मिले। प्रधान ने उसकी बाइक की चाबी निकाल ली और बिना बात के मारपीट कर उसको कमरे में बंद कर दिया।
दो घंटे तक बंधक बनाकर दोनों लोगों ने उसको तरह- तरह की यातनाएं दीं। इसकी जानकारी होने पर साथी लाइनमैन आशीष व हरिकिशन मौके पर पहुंचे। दोनों लोगों ने प्रधान से छोड़ने का आग्रह किया। प्रधान व उसके साथी ने उन लोगों के साथ भी गाली-गलौज कर अभद्रता की। आशीष ने इसकी जानकारी अधिकारियों को दी। उसके बाद प्रधान ने उसको छोड़ दिया। पुलिस ने सुरजेश की तहरीर पर प्रधान सतीश व मनोज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।