फर्रुखाबाद/अमृतपुर में मुरादाबाद से छत्तीसगढ़ जा रहा ट्रक सुबह पांच बजे आसमपुर गांव के पास दो बिजली पोलों से टकरा गया। हादसे में खंभे क्षतिग्रस्त हो गए। इससे अमृतपुर व तहसील विद्युत उपकेंद्र ठप होने से 150 गांव की बिजली बंद हो गई।
दोपहर बाद अमृतपुर उपकेंद्र की बिजली दूसरों केंद्रों से दी जाने लगी लेकिन तहसील विद्युत उपकेंद्र का काम जारी रहा। शनिवार सुबह तक तहसील कार्यालय और अमृतपुर कस्बे के 15 हजार लोगों को बिजली संकट झेलना पड़ेगा।
सूत्रों के अनुसार चालक को झपक लगने से हादसा हुआ है। ट्रक की टक्कर से 33केवी लाइन का पोल झुक गया और 11 हजार वोल्ट लाइन का पोल टूट गया। इससे गंगपार क्षेत्र के चार विद्युत उपकेंद्र बंद हो गए। ट्रक के खांदी में पलटने से चालक सत्तार निवासी मुरादाबाद व परिचालक घायल हो गए। इनको सीएचसी भेजा गया। वहां से दोनों मुरादाबाद चले गए।
बिजली के पोल टूटने पर अमृतपुर व तहसील विद्युत उपकेंद्र की लाइन के ज्वाइंट को खोलकर अन्य दो उपकेंद्र चालू कर दिए गए। अमृतपुर व तहसील विद्युत उपकेंद्र बंद होने से 150 गांवों की बिजली गुल हो गई।
दोपहर बाद अमृतपुर विद्युत उपकेंद्र की लाइन ठीक कर गांवों को बिजली दी गई। दोनों पोल हटा कर नए न लगाए जाने से तहसील विद्युत उपकेंद्र पूरे दिन ठप रहा। इससे तहसील और कस्बा अमृतपुर की बिजली पूरे दिन ठप बनी रही। तहसील उपकेंद्र के शनिवार को चालू होने की उम्मीद है।