फोटो-09,सम्पूर्ण समाधान दिवस में समस्याएं सुनते डीएम, एसपी व विधायक डॉ सुरभि।संवाद
कायमगंज। तहसील सभागार में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें गांव लखनपुर निवासी धर्मेंद्र सिंह ने जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी से लेखपाल की शिकायत की।
आरोप है कि धान की बिक्री के सत्यापन के लिए लेखपाल ने उनसे तीन हजार रुपये की मांग की। रुपये न देने पर सत्यापन रोक दिया गया।
जिलाधिकारी ने शिकायत पर तत्काल जांच के निर्देश दिए। इस दौरान समाधान दिवस में कुल 54 शिकायतें दर्ज की गईं, इनमें से दो मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
समाधान दिवस में भूमि विवाद, बिजली बिल, चकरोड व नालियों से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रहीं। पुरौरी निवासी बंटी वाल्मीकि ने बताया कि कुछ लोग उनके घर के पास की भूमि पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं शंभूनगला निवासी किशन सिंह ने चकरोड खुलवाने की मांग रखी, और अलेपुर पीत धौलेश्वर के गुलशेर ने अधिक बिजली बिल की शिकायत की।
नीवलपुर के ग्रामीणों ने गांव की कीचड़ भरी नालियों को पक्का कराने की मांग रखी। समाधान दिवस पर विधायक डॉ. सुरभि, सीडीओ अरुण कुमार गौर, एसडीएम अतुल कुमार सिंह, सीओ राजेश कुमार द्विवेदी, तहसीलदार विक्रम सिंह सहित तहसील स्तरीय सभी अधिकारी मौजूद रहे।