फर्रुखाबाद। जिला पंचायत अध्यक्ष पद की कुर्सी पर काबिज होने के लिए सभी दलों ने कमर कस रखी है। पर, सपा का पलड़ा भारी पड़ रहा है। पार्टी जिलाध्यक्ष की मानें तो सपा के करीब 22 जिला पंचायत सदस्य हैं। ऐसे में समाजवादी पार्टी के दावेदार का जिला पंचायत अध्यक्ष बनना लगभग तय माना जा सकता है। पार्टी में चल रही आपसी गुटबाजी से अध्यक्ष पद की कुर्सी को खतरा भी दिखाई दे रहा है। फिलहाल जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए दो उम्मीदवारों ने आवेदन पत्र पार्टी कार्यालय भेज दिए हैं।
जिला पंचायत अध्यक्ष पद की कुर्सी पर काबिज होने के लिए करीब एक तिहाई जिला पंचायत सदस्यों के वोट मिलना आवश्यक हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष पद की प्रतिष्ठित कुर्सी पर कब्जा जमाने के लिए सपा, भाजपा और बसपा कमर कसे बैठी हैं। तीनों दल जिला पंचायत सदस्यों को अपने-अपने पाले में करने के लिए जुटे हैं। हालातों पर नजर डाली जाए तो जिला पंचायत अध्यक्ष पद की कुर्सी के लिए समाजवादी पार्टी का दावा ज्यादा मजबूत लगता है।
जिला पंचायत सदस्य के नतीजों के मुताबिक मौजूदा समय में सपा के करीब 22 सदस्य हैं। बीते दिनों सपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह यादव ने इस बात की पुष्टि भी की थी। इस हिसाब से अगर अकेले सपा के सदस्य ही जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में अपने ही प्रत्याशी को वोट दे दें तो सपा का अध्यक्ष बनना तय है। बसपा के करीब पांच और भाजपा के करीब चार प्रत्याशी जिला पंचायत सदस्य पद का चुनाव जीते हैं। इसके अलावा अन्य जिला पंचायत सदस्य निर्दल हैं।
समाजवादी पार्टी की आपसी खींचतान के चलते जिला पंचायत अध्यक्ष पद की कुर्सी डगमगा सकती है। क्योंकि सपा में दो धड़े चल रहे हैं। यह बात किसी से छिपी भी नहीं है। जिला पंचायत सदस्य चुनाव के दौरान तो खुलकर सपा के दोनों धड़े आमने-सामने आ गए थे। यानी सपा की गुटबाजी अगर समाप्त न हुई तो अध्यक्ष पद की कुर्सी डगमगा सकती है।
सूत्रों की मानें तो सपा की गुटबाजी का फायदा उठाने के लिए अन्य दल अंदर ही अंदर सक्रिय होकर जिला पंचायत सदस्यों से संपर्क में लगे हैं। सपा जिला प्रवक्ता मंदीप यादव ने बताया कि सपा के करीब 22 जिला पंचायत सदस्य हैं। ऐसे में सपा का ही जिला पंचायत अध्यक्ष बनना लगभग तय है। उन्होंने बताया कि जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए लक्ष्मी रीटा और ज्ञानवती कठेरिया के आवेदन प्राप्त हुए हैं। 18 नवंबर को आवेदन पत्र प्रदेश नेतृत्व को भेजे जाएंगे।
नवाबगंज से उत्कर्ष यादव ने भी दिया आवेदन
फर्रुखाबाद। समाजवादी पार्टी की ओर से जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लाक प्रमुख के पदों के लिए आवेदन मांगे गए थे। जिला प्रवक्ता मंदीप यादव ने बताया कि नवाबगंज ब्लाक से डा. अनीता रंजन के अलावा उत्कर्ष यादव का भी आवेदन प्राप्त हुआ है। ब्लाक प्रमुख के लिए 30 नवंबर तक आवेदन लिए जाएंगे।