कमालगंज। कस्बा के मुख्य मार्ग पर हुई पानी की पाइप लाइन लीकेज के मरम्मत कार्य के दौरान घंटों लंबा जाम लगा रहा। शाम तक काम न होने पर मिट्टी डालकर गड्ढा बंद कर दिया। इसके बाद जाम की समस्या खत्म हुई। गैस की पाइपलाइन को अंडरग्राउंड डालने के दौरान लीकेज हुई थी।
बीते दिनों कस्बा के कानपुर-फतेहगढ़ मुख्य मार्ग के किनारे गैस सप्लाई के लिए अंडरग्राउंड पाइप लाइन डालने का काम हुआ था। काम करने वाली टीम करीब 20 दिन पूर्व कस्बा के कई स्थानों पर सड़क खोदकर लाइन डाल कर चली गई। लेकिन गड्ढे सड़क के बराबर न होने से आवागमन में समस्या होने लगी। कस्बा के चौराहे के निकट लाइन डालने के दौरान जलापूर्ति देने वाला पाइप लीकेज हो गया था। तब से आपूर्ति के समय पानी मुख्य मार्ग पर भर जाता था।
समस्या से निजात के लिए बुधवार सुबह करीब 9 बजे नगर पंचायत की टीम ने मरम्मत कार्य को खुदाई की। मिट्टी सड़क पर पड़ने से मुख्य मार्ग पर जाम की स्थिति बननी शुरू हो गई। दोपहर को कस्बे में घंटों लंबा जाम लगा रहा। 8 इंची सीमेंट पाइप लीकेज का सामान न होने से शाम तक काम नहीं हो सका। करीब साढ़े 4 बजे पहुंचे एसडीएम गजराज सिंह व चेयरमैन राजबेटी के पति केके शंखवार ने सड़क से मिट्टी को गड्ढे में भरवाकर यातायात व्यवस्था दुरुस्त कराई। नगर पंचायत कर्मचारी उदय प्रताप ने बताया कि 8 इंची पाइप का सामान नहीं था। काफी मुश्किल से सामान मिला। जाम लगने से समस्या से अब रात को टीम लगाकर काम कराया जाएगा।