फर्रुखाबाद। कलक्ट्रेट सभागार में बुधवार शाम जिलाधिकारी ने उद्योग बंधु व व्यापारियों के साथ बैठक कर समस्याओं की जानकारी ली। डीएम ने जिले में अमानक चल रहे नर्सिंगहोम के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में उद्योग बंधु व व्यापार बंधुओं की बैठक हुई। इसमें शहर से लेकर कस्बों में अमानक नर्सिंगहोम चलने का मुद्दा उठा।
डीएम ने सीएमओ डॉ.अवनींद्र कुमार को बिना मानक के चल रहे निजी अस्पतालों के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उद्यमियों ने बताया कि खिमसेपुर में भूमि खरीदने के लिए सात आवेदन किए गए। इनको उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक निगम (यूपीएसआईडीसी) ने निरस्त कर दिया। इस पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए छोटी-छोटी कमियों को ठीक कराकर आवेदन स्वीकृत करने के निर्देश दिए। शहर में मठिया देवी के पास का नाला निर्माण, लाल सराय स्थित वेंडर जोन व पार्किंग व्यवस्था के सवाल पर डीएम ने सिटी मजिस्ट्रेट दीपाली भार्गव से एक सप्ताह में रिपोर्ट मांगी। व्यापारियों ने रेलवे रोड पर डिवाइडर बनाने का विरोध करने के साथ ही शहर में अन्य स्थानों पर अतिक्रमण हटाने की मांग की।
जिलाधिकारी ने जाम की समस्या को देखते हुए ई रिक्शा का नंबर आवंटित कर रूट प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। कहा कि बाजार में सड़क किनारे बाइक व चार पहिया वाहन खड़े करने वालों पर कार्रवाई की जाए। मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार मिश्र, एसीएमओ डॉ.रंजन गौतम, एडीएम सुभाष चंद्र प्रजापति के अलावा रोहित गोयल, अरुण प्रकाश तिवारी ददुआ, चंद्रपाल वर्मा, सरल दुबे आदि मौजूद रहे।