फर्रुखाबाद। कचहरी तिराहे पर युवा वकील का शव मिला। परिजनों ने वकील के साथियों पर शराब में जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला ग्वालटोली निवासी हिस्ट्रीशीटर वीरेंद्र उर्फ बिंदा चतुर्वेदी का 35 वर्ष पुत्र शनि चतुर्वेदी कचहरी में वकालत करता था। वह शराब पीने का आदी था। गुरुवार की दोपहर को शनि चतुर्वेदी कचहरी तिराहे पर यादव टेलीकॉम की दुकान के बाहर नशे की हालत में पड़ा मिला। उसके मुंह से झाग निकल रहा था। परिजनों शनि को लोहिया अस्पताल लाए, जहां डॉक्टर ने उसको मृत घोषित कर दिया।
पत्नी निशा व भाई हनी व शुभम को रो-रो कर बुरा हाल हो गया। परिजनों ने शनि के साथियों पर शराब में जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से घटनाक्रम के बारे में जानकारी की। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई करने का भरोसा दिया। शुक्रवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम मेें मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने के कारण बिसरा सुरक्षित किया गया।