फर्रुखाबाद। कोहरे से लंबी रूट की कई ट्रेनों के लेट होने से शनिवार को फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन पर यात्रियों में अफरातफरी मची रही। कई यात्री मजबूरी में टिकट वापस करने को मजबूर हुए। भीड़ ज्यादा होने से बोगी में चढ़ने को लेकर भी धक्कामुक्की हुई। स्टेशन मास्टर का कहना है कि रविवार को कानपुर-आनंदबिहार और गोरखपुर-अहमदाबाद एक्सप्रेस ट्रेनें लेट हो सकती हैं।
कोहरे से सुबह 7.45 बजे आने वाली कामाख्या-जयपुर एक्सप्रेस दोपहर करीब 2.15 बजे आई। इसी तरह दोपहर 12.20 बजे आने वाली टाटा छपरा-फर्रुखाबाद एक्सप्रेस दोपहर 2.20 बजे आई। कानपुर से कासगंज जाने वाली पैसेंजर ट्रेन का फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन पर आने का समय दोपहर 2.20 बजे है। यह ट्रेन भी करीब 3 बजे रेलवे स्टेशन पर पहुंची।
फर्रुखाबाद-छपरा एक्सप्रेस ट्रेन दोपहर 1.15 बजे के बजाए 2.30 बजे आई। ट्रेनों के लेट होने के चलते यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सबसे ज्यादा परेशानी कामाख्या-जयपुर एक्सप्रेस के यात्रियों को करनी पड़ी। इस ट्रेन के यात्रियों को करीब साढ़े छह घंटे तक रेलवे स्टेशन पर ही बैठना पड़ा।
लेट हुईं कामाख्या-जयपुर और टाटा छपरा-फर्रुखाबाद एक्सप्रेस जैसे ही प्लेटफार्म संख्या 2 व 3 पर पहुंचीं तो बोगी पर चढ़ने के लिए यात्रियों में धक्कामुक्की भी हुई। शहर के मोहल्ला हाता मंगल खां के रहने वाले परवेज ने बताया कि वह जयपुर में जरदोजी का काम करने के लिए कामाख्या-जयपुर एक्सप्रेस से जा रहे थे। ट्रेन लेट आने के चलते उन्होंने मजबूरी में टिकट वापस की। अब वह अगले सप्ताह जाएंगे।