फर्रुखाबाद। स्थानीय प्राधिकारी एमएलसी चुनाव में सपा के बाद बसपा और भाजपा ने भी प्रत्याशी उतार दिए हैं। सोमवार को नामांकन के अंतिम दिन बसपा और भाजपा प्रत्याशी के अलावा तीन निर्दलीय प्रत्याशियों ने पर्चा भरा। चुनावी मैदान में सात प्रत्याशी हो गए हैं। कांग्रेस ने प्रत्याशी नहीं घोषित किया।
स्थानीय प्राधिकारी एमएलसी चुनाव के नामांकन के अंतिम दिन सोमवार को कलेक्ट्रेट में कड़ी सुरक्षा रही। कन्नौज जिले के हसेरन के पूर्व ब्लाक प्रमुख उदय राजपूत ने नामांकनपत्र दाखिल किया। इसके बाद गुरसहायगंज के विजय नगर निवासी रजनीकांत कुशवाहा ने नामांकन कराया। उनके साथ महेंद्र कटियार, मोहम्मद उमर खा, जैमिनी राजपूत, शैलेश श्रीवास्तव, जवाहर सिंह गंगवार, अखिलेश कटियार आदि थे।
इसके बाद कन्नौज के पकरिया टोला निवासी कल्याण सिंह के पुत्र उदय प्रताप सिंह ने निर्दलीय चुनाव लड़ने के लिए नामांकन कराया। करीब दो बजे औरैया जिले के पटेल नगर बावरपुर निवासी भाजपा प्रत्याशी अशोक कुमार ने नामांकन कराया। उनके साथ भाजपा सांसद मुकेश राजपूत, अशोक दुबे, शिव महेश दुबे, सरिता भदौरिया, जिलाध्यक्ष सत्यपाल सिंह, प्रांशुदत्त द्विवेदी, चित्रा अग्निहोत्री, प्रबल त्रिपाठी, शमसाबाद चेयरमैन विजय गुप्ता, सुधीर शर्मा आदि थे।
नामांकन कक्ष में फतेहगढ़ कोतवाल ने भाजपा नेताओं को घुसने से रोक दिया। इसको लेकर कोतवाल से नोकझोंक हो गई। आखिर में भाजपा नेता नामांकन कक्ष के अंदर गए। आखिर में फतेहगढ़ के मोहल्ला ग्वालटोली निवासी रामनिवास शाक्य ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन पत्र दाखिल किया। आठ फरवरी से चल रही नामांकन प्रक्रिया के दौरान 19 लोगों ने नामांकन पत्र खरीदे थे लेकिन नामांकन सिर्फ सात प्रत्याशियों ने कराया।