महरूपुर सहजू में लार्वा चेक करते डिप्टी सीएमओ व पास में खड़े सीएमओ। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। महरूपुर सहजू पहुंचे सीएमओ को आशा संगिनी समेत दो घरों में लार्वा मिला। आशा संगिनी के घर में कूलर का पानी न बदलने से लार्वा पनपा था।
संचारी रोगों से बचाव करने वाली स्वास्थ्य कर्मी के घर में डेंगू का लार्वा मिला। वह खुद बुखार से पीड़ित होने के साथ उसके दो बच्चे कानपुर में भर्ती हैं। सीएमओ व डिप्टी सीएमओ ने उसके घर पहुंचे और कूलर देखा तो उसमें डेंगू का लार्वा मिला। उन्होंने ग्रामीणों को भी सफाई रखने के लिए जागरूक किया।
महरूपुर सहजू में बुखार के मरीज बढ़ने की सूचना पर सीएमओ डॉ.सतीश चंद्रा ने डिप्टी सीएमओ डॉ.राजीव शाक्य, डॉ.अनुराग सिंह के साथ गांव पहुंचे। पहले आशा संगिनी के घर गए। वह खुद बुखार से पीड़ित थी। उसके दो बच्चे कानपुर के अस्पताल में भर्ती हैं। डिप्टी सीएमओ ने घर रखा कूलर देखा, उसमें डेंगू का लार्वा मिला।
उन्होंने आशा संगिनी से कहा कि जब घर में सफाई नहीं रख सकती तो लोगों को कैसे जागरूक करेगी। एक अन्य घर में भी लार्वा मिला। डॉ.राजीव शाक्य ने ग्रामीणों को समझाया कि बारिश के मौसम में मच्छरों का प्रकोप बढ़ जाता है। जलभराव से मच्छर पैदा होते हैं। डेंगू व चिकनगुनिया का मच्छर साफ पानी और मलेरिया का मच्छर गंदे पानी में पनपता है। पानी इकट्ठा न होने दें। सीएमओ ने कहा बुखार आने पर सरकारी अस्पताल जाकर दवाएं लें।