फर्रुखाबाद। कायमगंज में 10 वर्ष से फायर स्टेशन के लिए प्रशासन जमीन की तलाश कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने सभी तहसीलों में फायर स्टेशन खोलने के आदेश दिए थे। ऐसे में प्रशासन की लापरवाही का खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है।
कायमगंज तहसील क्षेत्र में कोतवाली कायमगंज, थाना शमसाबाद, कंपिल व मेरापुर आते हैं। क्षेत्र में लगभग पांच लाख की आबादी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगजनी की घटनाओं में जनहानि व कम नुकसान को लेकर जिलाधिकारियों को तहसील स्तर पर फायर स्टेशन खुलवाने के संबंध में निर्देश दिए थे। उसके बाद भी पिछले 10 वर्ष से कायमगंज तहसील क्षेत्र में प्रशासन फायर स्टेशन के लिए जमीन की तलाश नहीं कर पाया है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी विजय प्रकाश ने बताया कि जमीन के संबंध में अग्निशमन विभाग की ओर से जिला प्रशासन से कई बार पत्राचार किया जा चुका है। अलीगंज मार्ग व कस्बे में दो जमीन देखी गईं, लेकिन दोनों ही स्थान उपयुक्त न होने के कारण वहां मंजूरी नहीं मिल सकी। मेरापुर क्षेत्र में एक उद्यान विभाग की फैक्टरी को भी चिन्हित किया गया। उसके लिए भी पत्राचार किया गया, लेकिन उद्यान विभाग मुख्यालय से अनुमति नहीं मिल पाई। इसके कारण फायर स्टेशन बनना अभी भी अधर में लटका हुआ है।
एसडीएम कायमगंज यदुवंश कुमार ने कायमगंज कंपिल मार्ग पर गांव नरेनामऊ में फायर स्टेशन के लिए जमीन चिन्हित करके अग्निशमन कार्यालय में भेजी दी। मुख्य अग्निशमन अधिकारी विजय प्रकाश त्रिपाठी के आदेश पर अग्निशमन अधिकारी शिव प्रताप दो बार नरेनामऊ पहुंचे और जमीन के चिन्हांकन के संबंध में लेखपाल से बात की, लेकिन लेखपाल मौके पर नहीं पहुंचे। इस कारण कार्रवाई आगे नहीं बढ़ सकी।