दो घरों और एक बीज भंडार से लाखों की चोरी
फर्रुखाबाद। मऊदरवाजा थाना क्षेत्र में चोरों ने तीन स्थानों चोरी की। दो घरों में दीवार फांदकर घुसे और जेवर, नगदी ले गए। एक बीज भंडार में नकब लगाकर एक लाख रुपये का कीटनाशक चुरा ले गए। पुलिस ने तीनों स्थानों पर छानबीन की। हालांकि तहरीर देने पर भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है। तीनों जगह से चोर करीब छह लाख का माल ले गए हैं।
गुरुवार रात पीछे की दीवार के सहारे चोर क्षेत्र के गांव अजमतपुर का मजरा पचपुखरा बंजरिया निवासी राजकुमार के घर घुस गए। कमरे का ताला तोड़कर बक्सा उठा ले गए। सुबह जागने पर कमरे का ताला टूटा देख चोरी की जानकारी हुई। बाद में बक्सा सर्वेश के खेत में पड़ा मिला।
उसमें से 15 हजार रुपये, कमरपेटी, दो जोड़ी झाले, मांग बेंदा, बेसर, तीन अंगूठी, नाक का फूल समेत करीब दो लाख रुपये के जेवर गायब थे। यहीं के सुरेश सिंह के मकान में भी चोर पीछे से दीवार के सहारे घुसे और बक्सा और अलमारी का ताला तोड़कर 45 हजार रुपये एवं करीब ढाई लाख रुपये के जेवरात पार कर दिए। सुबह जागने पर परिजनों को जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने जांच की।
गांव नेकपुर खुर्द निवासी गोविंद शाक्य की अर्रापहाड़पुर सब्जी मंडी के सामने बीज की दुकान है। गुरुवार रात चोरों ने दुकान में पीछे से नकब लगा दिया। इसके बाद कीमती कीटनाशक, स्टेबलाइजर, नई बैटरी समेत एक लाख रुपये का माल और जरूरी कागजात चुरा ले गए।
गोविंद ने बताया कि महंगे कीटनाशक ही लिए गए हैं। इससे लगता है कि कोई कीटनाशकों का जानकार शामिल है। पुलिस ने मौके पर छानबीन की। तीनों घटनाओं में तहरीर दिए जाने के बावजूद मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है। इंस्पेक्टर जेपी शर्मा ने बताया कि मामलों की जांच की जा रही है। बाद में कार्रवाई की जाएगी।