रिटायर्ड बैंक कर्मी के घर आग से लाखों की क्षति
फर्रुखाबाद। घर में ताला लगाकर रिश्तेदारी में गए रिटायर्ड बैंक कर्मी के घर में आग लग गई। इससे दो कमरों का पूरा सामान जलकर राख हो गया। पड़ोसियों ने मकान के ताले तोड़कर आग पर काबू पाया। आग से करीब साढ़े चार लाख रुपये का नुकसान बताया जाता है। शार्ट सर्किट व पूजा के दीपक से आग लगने की आशंका है।
शहर के मोहल्ला महादेव प्रसाद स्ट्रीट निवासी रिटायर्ड बैंक कर्मी देवेंद्र नरायन श्रीवास्तव शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे पत्नी के साथ लखनऊ स्थित रिश्तेदारी में गए थे। घर में ताला लगा था। करीब साढ़े 10 बजे पड़ोसी रामनरेश राजपूत के पुत्र कार्तिक ने छत पर पतंग उड़ाते वक्त उनके घर से धुआं निकलते देखा। उसने परिजनों को सूचना दी।
इस पर मोहल्ले के तमाम लोग एकत्रित हो गए। लोगों ने फोन पर देवेंद्रनरायन से बात की, तो उन्होंने ताले तोड़ने के लिए कहा। कई बुजुर्गों की मौजूदगी में जब तक ताले तोड़े गए, तब तक पड़ोसी युवक मंटू मिश्रा, सुमित दीक्षित ने छत के रास्ते से घर में जाकर खिड़की का कांच तोड़कर आग बुझाना शुरू कर दिया। इस दौरान दोनों युवक के शरीर में कांच घुस गया और झुलस भी गए।
मोहल्ले के नवीन रस्तोगी, अनूप सक्सेना, सनी दीक्षित, विवेक मिश्रा आदि ने आसपास के सबमर्सिबल पंप चलाकर करीब डेढ़ घंटे में आग पर काबू पा लिया। जला-अधजला सामान मकान के बाहर निकाला।
आग में दो कमरों में लगे एसी, फ्रिज, दो बेड, ड्रेसिंग टेबल, अलमारियों में रखा कीमती सामान, सभी कपड़े आदि जलकर राख हो गया। शाम करीब चार बजे भवन स्वामी घर पहुंचे। उन्होंने बताया कि आग से करीब साढ़े चार लाख रुपये का नुकसान हुआ है। पुलिस ने भी मौका मुआयना किया।