कमालगंज। सावन में शिव भक्ति की गंगा बहने के बाद अब कृष्ण भक्ति जोरों पर है। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के लिए बाजार में जमकर खरीदारी हुई। मथुरा व वृंदावन से आई जरीदार पगड़ी, मोती जड़ी अचकन और मुकुट से लड्डू गोपाल को सजाया जाएगा। वहीं, गुजरात के राजकोट से आए झूलों में कन्हैया झूलेंगे।
दुकानों पर लड्डू गोपाल के कपड़े, मुकुट, बांसुरी समेत शृंगार की सामग्री मथुरा व वृंदावन से मंगाई गई है। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर झांकियां सजाने के लिए जरूरी सामान की भी बिक्री खूब रही। मथुरा की विशेष पगड़ी और वृंदावन की पारंपरिक अचकन में बाल गोपाल दर्शन देंगे। मुख्य मार्ग के अलावा रेलवे रोड पर भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के लिए सामग्री की खरीदारी हुई। इस बार 20 रुपये से लेकर 100 रुपये तक की बांसुरी बिक रही है। पिछले साल 10 रुपये वाली भी बांसुरी बिकी थी। मथुरा के बने झूले 80 रुपये से लेकर 300 रुपये तक बिक रहे। वहीं, गुजरात के राजकोट के झूले 300 से 600 रुपये तक में हैं।
दुकानदार राघव शुक्ला का कहना है कि इस साल जन्माष्टमी का सामान 18 से 20 प्रतिशत महंगा आया है। लड्डू गोपाल की ड्रेस 20 रुपये से एक हजार तक में है। कंधनी फुटकर में 30 रुपये से 100 रुपये तक है। बैठने के आसान 10 रुपये से शुरू होकर 200 रुपये तक के हैं।
एलईडी फोटो का भी है क्रेज :
राधा-कृष्ण दरबार की एलईडी फोटो खरीदने का भी क्रेज है। 18 बाई 12 इंच की एलईडी फोटो 150 रुपये में बिक रही है। बड़ी फोटो एक हजार तक में है। एक मीटर लंबी व आधा मीटर चौड़ी एलईडी फोटो की भी मांग है। (संवाद)