फर्रुखबाद। मजदूर की संदिग्ध हालात में मौत पर भाई ने हत्या का आरोप लगाया। पोस्टमार्टम में मजदूर की मौत फंदा लगने से दम घुटने के कारण होना बताई गई।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के गांव हुसैनपुर नौखंडा निवासी ओमनारायण कश्यप(28) मजदूरी करता था। उसकी नौ वर्ष पहले पूनम से शादी हुुई थी। गुरुवार की रात को पति-पत्नी में विवाद हो गया था। रात को दस बजे पूनम कमरे में पहुंची तो पति को फंदे पर लटका हुआ पाया।
पूनम के शोर मचाने पर गांव के लोगों ने ओमनारायण के शव को फंदे से उतार लिया। जानकारी पर भाई शिवकरन, टिंकू, बृजलाल, अनिल व बहन रेखा सहित मां शीला देवी मौके पर पहुंची। ओमनारयण के शव को जमीन पर पड़ा हुआ देखकर बृजपाल ने हत्या करने का आरोप लगाया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शुक्रवार को पोस्टमार्टम में मजदूर की मौत फंदा लगने से दम घुटने के कारण होना बताई गई। कोतवाल सचिन कुमार सिंह ने बताया कि ओमनारायण व उसके भाई अलग-अलग रहते है। ओमनारायण का गुरुवार की शाम को पत्नी से विवाद हो गया था। इसके कारण उसने आत्महत्या कर ली है। भाई ने शव को जमीन पर रखा देखकर आरोप लगाया था।