फर्रुखाबाद। घरेलू विवाद में मजदूर ने पेड़ पर फंदा लगाकर जान दे दी। परिजनों ने मजदूर को लटका देखा तो चीख-पुकार मच गई। पुलिस व फाेरेंसिक टीम ने मौके पर जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के गांव हुसैनपुर नौखंडा के मजरा लगड़पुरा निवासी 26 वर्ष का सचिन कुशवाह मजदूरी करता था। वह शराब पीने का आदी था। इसको लेकर पत्नी प्रियंका से उसका आए दिन विवाद होता था। मंगलवार को सचिन शराब पीकर आया। प्रियंका ने विरोध किया तो दोनों में कहासुनी हो गई। प्रियंका बच्चे देव व सिद्दी के साथ खाना खाकर सोने चली गई। सचिन घर के बाहर चला गया। बुधवार की सुबह गांव के लोगों ने सचिन को घर के पास पेड़ पर अंगौछे से फंदे पर लटका देखा। गांव के लोगों से जानकारी मिलने पर पत्नी मौके पर पहुंची और दहाड़े मारकर रोने पीटने लगी। सूचना पर पहुंची पुलिस व फाेरेसिंक टीम ने मौके पर जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूत्रों के मुताबिक पोस्टमार्टम में सचिन की मौत फांसी लगने से दम घुटने के कारण हुई है। कोतवाल हरिश्याम सिंह ने बताया कि घरेलू कलह में सचिन ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है।