कमालगंज। सीएचसी में एल-2 अस्पताल शनिवार तक प्रत्येक दशा में शुरू करने के निर्देश जिलाधिकारी ने दिए हैं। डीएम की सख्ती के बाद स्वास्थ्य अधिकारियों ने काम तेज कर दिया है। डीएम के निर्देश पर हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के लिए ऑक्सीजन सिलिंडर मंगाने के लिए टीमें भेज दी गई है।
गंभीर कोरोना संक्रमितों को भर्ती करने के लिए 20 बेड का एल-2 अस्पताल बनाने के लिए जिलाधिकारी ने गुरुवार को सीएचसी पहुंचकर दिए थे। विशेष सुविधाओं वाला यह अस्पताल शनिवार से चालू होना है। डीएम मानवेंद्र सिंह ने शुक्रवार को व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कार्य में सुस्ती देख नाराजगी जताई। एसडीएम सुनील कुमार को सीएचसी पर उपस्थित रहकर शाम तक व्यवस्थाएं पूरी कराने के निर्देश दिए। पता चला है कि 90 दवाइयों व उपकरणों की एल 2 अस्पताल के लिए जरूरत है। लेकिन इसमें कुछ सामान अभी मुख्यालय से नहीं मिला है। सीएचसी के कुछ कर्मचारियों की ड्यूटी फतेहगढ़ के एल-2 अस्पताल में लगे होने से कर्मचारियों की समस्या आ रही है। एल-2 अस्पताल में डॉक्टर, फार्मासिस्ट, स्टाफ नर्स या सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी, वार्ड ब्वाय, सफाईकर्मी आदि की ड्यूटी के लिए चार्ट बनाने का काम शुरू हो गया। एल-2 अस्पताल स्थापित करने को देखते हुए कोरोना वैक्सीनेशन कक्ष नीचे स्थानांतरित कर दिया गया। निरीक्षण के दौरान डॉ. सोमेश अग्निहोत्री, डॉ. मानसिंह वर्मा, डॉ. विकास पटेल मौजूद रहे।