कोविड के नियमों का करना होगा पालन
फर्रुखाबाद। डीएम व एसपी ने राजेपुर व मोहम्मदाबाद ब्लॉक के नामांकन स्थल का निरीक्षण किया। नामांकन के काउंटर पर कोविड के नियमों का कड़ाई से पालन कराने के आदेश दिए। एसडीएम व सीओ ने कायमगंज ब्लॉक का निरीक्षण कर बैरिकेडिंग का काम देखा।
डीएम मानवेंद्र सिंह व एसपी अशोक कुमार मीणा शुक्रवार को राजेपुर ब्लॉक कार्यालय परिसर में नामांकन स्थल का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने बीडीओ गगनदीप को निर्देश दिए कि नामांकन के समय सामाजिक दूरी का पालन किया जाए। डीएम ने ब्लॉक के पुराने भवन को नीलाम कराने का आदेश दिया। एसपी ने एसओ देवेंद्र गंगवार को नामांकन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रखने के आदेश दिए।
इसके बाद मोहम्मदाबाद ब्लॉक का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी प्रत्याशी के वाहन गेट तक नहीं आएंगे। वाहन व लोगों के काफिले को पार्किंग स्थल पर ही रोक दिया जाएगा। एसडीएम कायमगंज नरेंद्र कुमार व सीओ राजवीर सिंह गौर ने शमसाबाद ब्लाक में बनाए गए 22 नामांकन काउंटरों का जायजा लिया। बीडीओ विजय कुमार ने बताया कि 13 काउंटर प्रधान व नौ बीडीसी के लिए बनाए गए हैं। एक काउंटर को रिजर्व में रखा गया है।
दोनों दिन बंद रहेंगी रेलवे रोड की दुकानें
कमालगंज। कमालगंज ब्लॉक में नामांकन के लिए एक प्रत्याशी के साथ चार लोगों के आने को देखते हुए 10 हजार लोगों के आने का अनुमान लगाते हुए व्यवस्थाएं की गईं हैं। 17 व 18 अप्रैल को रेलवे रोड की सभी दुकानें बंद रहेंगीं। रजीपुर व फतेहगढ़ की ओर से आने वाले वाहन रामलीला मैदान व जहानगंज की ओर से आने वाले वाहन रेलवे क्रासिंग से पहले ही रोक लिए जाएंगे। शुक्रवार को आलाधिकारियों ने व्यवस्थाएं परखीं।
डीएम मानवेंद्र सिंह व एसपी अशोक कुमार मीणा ने एसडीएम सदर अनिल कुमार व बीडीओ राजेश बघेल के साथ प्रधान व सदस्य के लिए बनाए गए 17 व बीडीसी के लिए 14 नामांकन काउंटरों की व्यवस्था देखी। एसडीएम सदर ने बताया कि कानपुर मार्ग पर रेलवे तिराहा व रेलवे स्टेशन के पास पुलिस बैरियर बनेंगे। वहां से प्रत्याशी के साथ प्रस्तावक, अभिकर्ता व एक अन्य व्यक्ति आ सकेगा। ब्लॉक परिसर के अंदर बैरिकेडिंग से आरओ की मेज पर इनमें से दो ही लोग जा सकेंगे।
महिलाएं शस्त्र आदि तो नहीं ले जा रहीं इसकी जांच के लिए महिला बूथ बनेगा। अधिवक्ता रेलवे स्टेशन के पास खाली जगह पर बैठेंगे। बीआरसी परिसर में एआरओ व अन्य कर्मचारियों के वाहन खड़े होंगे। बीडीसी के एआरओ इसी गेट से जाकर बैठेंगे। 10 से 5 बजे तक बीआरसी गेट पर ताला रहेगा। डीएम ने बीआरसी गेट पर नाली के ऊपर जाल टूटा होने से पटला डलवाने के निर्देश दिए। ब्लॉक परिसर व रेलवे रोड को सैनिटाइज कराने को कहा। इस दौरान एडीओ निरंजन त्रिवेदी, किशनपाल भी रहे।