कायमगंज। दाल, खाद्य तेल और मसालों के दाम बढ़ने से रसोई का बजट बिगड़ गया है। अगस्त की तुलना में सितंबर में कई जरूरी खाद्य वस्तुओं के दाम 10 से 80 रुपये किलो तक बढ़े हैं। लाल मिर्च 80 रुपये किलो महंगी हुई है। अरहर दाल और सरसों के तेल के दाम भी 20-20 रुपये बढ़े हैं।
किराना व्यापारी कमलेश भारद्वाज ने बताया कि अरहर दाल 110 से बढ़कर 130, उड़द 100 से 130, चना 70 से 88 और बेसन 90 से 110 रुपये किलो हो गया है। जीरा 320 से 400, लाल मिर्च 200 से 280 और हल्दी 200 से 220 रुपये किलो पहुंच गई है।
सरसों का तेल 180 से बढ़कर 200 और रिफाइंड 175 से 185 रुपये किलो हो गया है। बासमती चावल 100 से 120 रुपये किलो और आटा 300 से 340 रुपये प्रति 10 किलो हो गया है। चना दाल 80 से 90, देसी चना 75 से 85, भुना चना 100 से 120 और काबुली चना 100 से 120 रुपये किलो बिक रहा है।
पृथ्वी दरवाजा निवासी सुमन गुप्ता ने बताया कि महंगाई बढ़ने से घर का खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है। दूसरी जरूरतों में कटौती करनी पड़ रही है।
नोनियमगंज निवासी शालिनी गुप्ता ने कहा कि खाद्य वस्तुओं के दाम बढ़ने से रसोई का खर्च बढ़ गया है। अब सामान खरीदते समय बजट का विशेष ध्यान रखना पड़ रहा है।