फर्रुखाबाद। रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से भट्ठा मजदूर की मौत हो गई। मुनीम के कहने पर साथी शव को अंतिम संस्कार करने के लिए लेकर चले गए।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के एमआर भट्ठा पर राज्य बिहार जनपद नवादा थाना नर्जीगंज गांव मधवन निवासी रामदेव(50) ईंट पथाई का काम करता था। वह पत्नी धानू देवी व बच्चों के साथ भट्ठे के पास ही रहता था। रविवार को रामदेव पत्नी के साथ नवदुर्गा की छठ पूजा का सामान लेने के लिए महरूपुर गांव की एक दुकान पर गया था।
पति-पत्नी दुकान से सामान लेकर वापस आ रहे थे। पत्नी धानू देवी ने रेलवे ट्रैक पार कर लिया। रामदेव रेलवे ट्रैक पार कर रहा था। उसी दौरान आ रही ट्रेन की चपेट में आ गया। उसकी मौके पर मौत हो गई। सूचना पर पुत्र जितेंद्र, धमेंद्र, गोलू, जीतू, सूरज, पुत्री राखी, चांदनी, ताजो, मेहंदी सहित अन्य मजदूर मौके पर पहुंच गए। शव को खेत की ओर उठाकर ले गए। मुनीम के कहने पर शव को अंतिम संस्कार के लिए भेज दिया गया।
सूचना पर आरपीएफ के दरोगा महिपाल सिंह व याकूतगंज चौकी इंचार्ज अनिल कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने जांच की। पत्नी धानू देवी ने बताया कि मुनीम ने कहा कि ट्रेन दुर्घटना में उससे जुर्माने के रुपये लग जाएंगे। ऐसे में शव को अंतिम संस्कार के लिए भेज दिया। दरोगा मुनीम व भट्ठा मालिक का फोन लगाते रहे। काफी देर बाद पुलिस जांच करके वापस चली आई। (संवाद)