भट्ठा मालिक पर भूमि पर कब्जे का आरोप
फर्रुखाबाद। पंचायत घर के लिए चिह्नित भूमि पर भट्ठा मालिक ने कब्जा कर रखा है। प्रधान जब भूमि की पैमाइश कराने गए तो गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। ग्राम प्रधान ने यह आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
मोहम्मदाबाद ब्लाक के गांव मौधा के प्रधान विवेक कुमार ने जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह को भट्ठा मालिक के खिलाफ शिकायतीपत्र दिया। इसमें आरोप लगाया कि गुरुवार को सचिव व लेखपाल के साथ वह पंचायत घर बनवाने के लिए चिह्नित भूमि की पैमाइश करवा रहा था।
इसी दौरान दबंग भट्ठा मालिक भाई व साथियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने लेखपाल को पैमाइश करने से रोक कर गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। भट्ठा मालिक का कहना है कि पांच बीघा जमीन का बैनामा है और 14 बीघा पर कब्जा कर रखा है।
प्रधान ने मांग की जमीन की पैमाइश करवाकर पंचायत घर के निर्माण के लिए चिह्नित भूमि को कब्जा मुक्त करवाया जाए। डीएम ने इस मामले में जांच कर कार्रवाई करने के आदेश दिए है।