थाना क्षेत्र के अशोक नगर मोहल्ले में एक खाली प्लाट पर नवजात बच्ची का शव मिला है। सिर और मुंह से खून निकल रहा था। प्लाट से लगे मकान की दीवार पर खून के छींटे पड़े थे। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि बच्ची की हत्या कर शव फेंका गया है।
अशोक नगर मोहल्ले में गुरुवार सुबह करीब 10 बजे जागेश्वर की पत्नी मकान के बगल में खाली प्लाट पर कपड़े सुखाने पहुंची। तभी उनकी नजर दीवार पर लगे खून के छींटों व पास पड़े शव पर पड़ी।
चीखपुकार पर मोहल्ले के लोग इकट्ठा हो गए। सीओ देवेंद्र सिंह को सूचना देने पर थाने के दरोगा रामसनेही मौके पर पहुंचे और छानबीन की। काफी प्रयास के बावजूद यह नहीं पता चल सका कि बच्ची के मां-बाप कौन हैं। उसे किसने यहां पर फेंका है।
दरोगा ने बताया कि नवजात बच्ची का नारा तक नहीं काटा गया था। पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है। जरूरी कार्रवाई की जाएगी।
एक तरफ बेटी बचाओ के लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं और दूसरी तरफ लोग अभी भी पुत्र प्रधान मानसिकता से नहीं उबर पाए हैं। लगातार कन्या भ्रूण हत्या के मामले प्रकाश में आ रहे हैं।
लोगों में इस बात की भी चर्चा थी कि या तो किसी बिन ब्याही मां का यह कृत्य हो सकता है या फिर किसी गर्भवती ने लिंग परीक्षण कराकर गर्भ में पल रही कन्या को जन्म देने से पूर्व ही उसे मार दिया।
अवैध रूप से चल रहे क्लीनिक
नगर में कई जगह अवैध रूप से क्लीनिक संचालित हो रहे हैं। जहां एबार्शन का कारोबार धड़ल्ले से हो रहा है। इसके अलावा अल्ट्रासाउंड मशीनों से चोरी-छिपे लिंग परीक्षण का भी कार्य चल रहा है।
डिप्टी सीएमओ डा. राजीव शाक्य का कहना है कि अवैध गर्भ समापन का कारोबार नर्सिंग होम वालों पर कार्रवाई की गई है। आगे भी सीएमओ के आदेश पर अभियान चलाकर भ्रूण हत्या पर रोक लगाई जाएगी। गर्भपात की शिकायत सही मिलने पर नर्सिंग होम सीज करने के साथ ही विधिक कार्रवाई भी करेंगे।