फर्रुखाबाद। बसपा नेता अनुपम दुबे व उनके भाई डब्बन सहित पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया। पुत्र ने अपहृत पिता की हत्या करने की आशंका जताई है। आरोप लगाया कि आरोपी मुकदमे में समझौता करने के लिए शपथ पत्र पर हस्ताक्षर करने का दबाव बना रहे थे।
जनपद मैनपुरी थाना बेबर इटावा रोड मोहल्ला मरकिचिया निवासी रवि मोहन सूरी ने मोहम्मदाबाद कोतवाली के गांव सहसापुर निवासी बसपा नेता डॉ. अनुपम दुबे (वर्तमान में फिरोजाबाद जेल में निरुद्ध), भाई अनुराग दुबे उर्फ डब्बन, पारिवारिक चाचा विनीत दुबे उर्फ बीनू, जनपद मैनपुरी थाना बेवर गांव जगतपुर निवासी विजय विक्रम, आशुतोष दुबे उर्फ बॉबी व मोहम्मदाबाद में मुकदमा संख्या 69 से संबंधित दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मऊ दरवाजा थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
आरोप लगाया कि उसके परिवार की अनुपम दुबे के गैंग से रंजिश चल रही है। इन लोगों के खिलाफ पिता चंद्रमोहन सूरी ने मोहम्मदाबाद कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। उसी मुकदमे की पैरवी में 19 जुलाई को पिता के साथ बाइक से कचहरी आ रहे थे। बघार नाले के पास कार में सवार विनीत दुबे उर्फ बीनू, विजय विक्रम, आशुतोष उर्फ बॉबी व दो अज्ञात लोगों ने बाइक रोक ली। पिता को धमकी देते हुए कहा कि अनुपम दुबे ने कहा है कि जो मुकदमा लिखवाया है, उसे वापस ले लो। कोर्ट में सुलहनामा दाखिल करने के लिए साथ में चलो। अनुराग दुबे उर्फ डब्बन दादा ने शपथ पत्र तैयार कर भिजवाया है। पिता ने बिना वकील से बात किए शपथ पत्र पर हस्ताक्षर करने से इन्कार कर दिया। इस पर सभी लोगों ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देकर पिता को कार में जबरन बैठा लिया। यह लोग फतेहगढ़ की ओर चले गए। गुरुवार को पिता की फतेहगढ़ से लेकर बेवर तक तलाश करता रहा। इन लोगों ने मोहम्मदाबाद में दर्ज मुकदमे में समझौते को लेकर पिता का अपहरण कर लिया है। उनकी हत्या भी कर सकते है। इस मामले में पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
इनसेट-
फोटो- 19,
बसपा नेता के करीबी को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर भेजा जेल
फर्रुखाबाद। बसपा नेता के करीबी को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी के पास से तमंचा कारतूस व खोखा बरामद कर लिया।
मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के दरोगा सचिन सिंह चौधरी गुरुवार को फोर्स के साथ अर्रापहाड़पुर के पास चेकिंग कर रहे थे। उसी दौरान सब्जी मंडी की ओर से एक बाइक सवार आता हुआ दिखाई दिया। बाइक सवार युवक को सिपाहियों ने रोकने का प्रयास किया। इस पर युवक ने तमंचे से जान से मारने की नीयत से सीधा फायर कर दिया। इसमें सिपाही व दरोगा बाल बाल बच गए। बाइक सवार हथियापुर की ओर भागने लगा तो दरोगा व सिपाहियों ने पीछा किया और हथियापुर क्रासिंग के पास पकड़ लिया। पूछताछ में युवक ने बताया कि वह फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला हाथीखाना निवासी अकरम फारूखी उर्फ चुनमुन है। पुलिस ने उसके पास से तमंचा कारतूस व खोखा बरामद कर लिया। पुलिस ने अकरम के खिलाफ पुलिस मुठभेड़ व अवैध शस्त्र में मुकदमा दर्ज कर लिया। शुक्रवार को पुलिस ने अकरम को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। एसओ मऊदरवाजा आमोद सिंह ने बताया कि युवक अकरम को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार कर जेल भेजा है। उसका आपराधिक रिकार्ड भी खंगाला जा रहा है। (संवाद)