शमसाबाद। बाढ़ की चपेट में आए गांव कटरी तौफीक में गंगा का कटान जारी है। संविलियन स्कूल का पूरा भवन धराशायी हो गया। अब मुख्य गेट व अतिरिक्त कक्ष की ओर कटान शुरू हो गया है। अब बच्चों की पढ़ाई पर संकट खड़ा हो गया है।
कटरी तौफीक में बने संविलियन स्कूल में कक्षा एक से आठ तक के 230 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे। इस बार बाढ़ आने से पहले गंगा की धार करीब 200 मीटर दूर थी। स्कूल में प्रधानाचार्य कक्ष के अलावा चार कमरे और बाउंड्रीवाल थी। प्रधानाध्यापक इख्तियार अहमद और सात शिक्षक व शिक्षामित्र तैनात हैं। बच्चों की संख्या बढ़ने के कारण एक अतिरिक्त कक्ष का निर्माण भी कराया गया था।
शनिवार सुबह तक स्कूल का पूरा भवन धराशायी हो गया। अभिभावकों का कहना है कि अब छोटे बच्चे कहां पढ़ने जाएंगे। खंड शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र सिंह पटेल ने बताया कि कटान में स्कूल का पूरा भवन गिर गया। अब मुख्य गेट और एक अतिरिक्त कक्ष ही बचा है। उन्होंने बताया कि पढ़ाई जारी रखने के लिए बच्चों को पड़ोसी स्कूल से संबद्ध किया जाएगा।