फर्रुखाबाद। करणी सेना ने सपा नेता के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए शहर कोतवाली में तहरीर दी है। आरोप लगाया कि सपा नेता ने कार्यकर्ता के भाई को घर में बुलाकर पीटा और क्षत्रिय समाज को संबोधित कर अपमान जनक बातें कही हैं।
करणी सेना के जिलाध्यक्ष मंथन ठाकुर गुरुवार को पदाधिकारियों के साथ शहर कोतवाली पहुंचे। उन्होंने फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के लोको रोड निवासी सपा के पूर्व उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह उर्फ जग्गू यादव के खिलाफ तहरीर दी। इसमें बताया कि राहुल राजपूत करणी सेना का कार्यकर्ता है।
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। जो कि सपा नेता जग्गू यादव के लोको रोड स्थित घर का है। वायरल वीडियो में सपा नेता अपने घर में राहुल के भाई रोहित परमार के साथ मारपीट कर रहे हैं। सपा नेता क्षत्रिय समाज को लेकर अपमान जनक बातें भी कह रहे हैं।
इस मामले में मुकदमा दर्ज न होने पर करणी सेना कोतवाली में धरना प्रदर्शन करेगी। कोतवाल विनोद कुमार शुक्ला ने इस मामले में जांच के बाद कार्रवाई करने का भरोसा दिया। बता दें कि राहुल परमार ने सपा नेता, उनकी पत्नी व बेटे के खिलाफ फतेहगढ़ कोतवाली में दो पहले मारपीट कर जान से मारने की धमकी का मुकदमा दर्ज कराया है।