शमसाबाद। ब्लाक क्षेत्र के गांव करनपुर गंगतारा में खसरा से करीब एक दर्जन से ज्यादा बच्चे बीमार हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सीएमओ को सूचना दी गई, लेकिन अभी तक कोई टीम गांव नहीं आई है। वहीं, ग्रामीणों ने बताया कि गांव में गंदगी व्याप्त है। इसके चलते रोग फैल रहे हैं। सीएमओ ने बताया कि रविवार को टीम भेजी जाएगी।
गांव करनपुर गंगतारा निवासी याकूब पुत्र मुनव्वर, रियाजुद्दीन पुत्र इदरीश, श्वेता पुत्री रामप्रसाद, आनंद पुत्र महेंद्र कुमार समेत करीब एक दर्जन बच्चे पखवारा भर से खसरा की चपेट में हैं। ग्रामीण इनका नर्सिंगहोम में इलाज करा रहे हैं।
भारतीय किसान मजदूर यूनियन के जिलाध्यक्ष रामबहादुर राजपूत ने बताया कि उन्होंने करनपुर गंगतारा में खसरा होने की सूचना मोबाइल से सीएमओ डा. राकेश कुमार को दी थी, लेकिन चिकित्सीय टीम गांव नहीं पहुंची। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में जगह-जगह गंदगी फैली है। सफाई कर्मचारी कभी-कभार ही आता है। नालियां बजबजा रही हैं। जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं। इससे मच्छरों की बहुतायत है। गंदगी के चलते गांववाले किसी न किसी रोग से ग्रसित रहते हैं।
एक पखवारा से गांव के एक दर्जन से ज्यादा बच्चों को खसरा है। सीएचसी के चिकित्सा प्रभारी और सीएमओ को इसकी सूचना भी दी गई, लेकिन आज तक गांव में चिकित्सीय टीम नहीं पहुंची। ग्रामीण अपने बच्चों का नर्सिंग होम में इलाज कराने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले भी खसरा की चपेट में आकर लोग बीमार पड़ चुके हैं। उधर, सीएमओ डा. राकेश कुमार ने बताया कि सूचना मिली है। रविवार को वहां टीम भेज कर दवा वितरित करवाई जाएगी।