फर्रुखाबाद। कमालगंज नगर पंचायत के आठ सभासदों ने मंगलवार को कलक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया। जिसमें फर्जी कर्मचारियों का वेतन निकाले जाने व बोर्ड की बैठक के बिना 40 लाख की कीमत वाली बड़ी जेसीबी मंगवा लेने का भी आरोप लगाया।
कमालगंज के सभासद अशोक श्रीवास्तव, सुभाष शर्मा, अनुराग यादव, अजय दिवाकर, मंजू हलवाई, अवधेश, रोशनी, विमलेश राजपूत से हस्ताक्षरित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा गया। सभासदों ने कहा कि उन लोगों की न तो कर्मचारी सुनते हैं और न ही चेयरमैन सुनती हैं। सभासदों के कहने से कोई काम नहीं कराए जाते। ज्ञापन में तीन फर्जी कर्मचारियों का वेतन निकाले जाने का आरोप लगाया गया। बिजली जाने पर नगर पंचायत की सभी स्ट्रीट लाइट जनरेटर से नहीं जलाई जाती हैं। डीजल की चोरी हो रही है। बोर्ड की बैठक किए बिना 40 लाख लागत वाली जेसीबी चार माह पहले मांगा ली गई। जबकि कस्बे के नालों की सफाई के लिए छोटी वाली जेसीबी की जरूरत थी।
सभासदों ने नगर पंचायत में स्थाई बाबू व स्थाई अधिशाषी अधिकारी तैनात किए जाने की मांग की। आरोप लगाया कि सोमवार को नगर पंचायत में लोगों के पानी बिल का बकाया देखे जाने पर चेयरमैन के पुत्रों ने रजिस्टर दिखाने वाले कर्मचारियों को भला-बुरा कहा। उन्होंने कहा रजिस्टर नहीं दिखाया जाएगा, धमकी भी दी। वहीं चेयरमैन राजबेटी शंखवार ने कहा कि सभासदों को विश्वास में लेकर काम कराए जाएंगे। उनके साथ मिल-बैठ कर गलतफहमी दूर की जाएगी और एकजुट होकर कस्बे के विकास के काम को आगे ले जाया जाएगा।