संवाद न्यूज एजेंसी
शमसाबाद(फर्रुखाबाद)। गांव किसरोली स्थित आर्यावर्त ग्रामीण बैंक की खिड़की काटकर चोरों ने तिजोरी तोड़ने का प्रयास किया। तिजोरी नहीं टूटी तो चार सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर ले गए। सूचना पर थाना पुलिस और सीओ ने बैंक में जांच पड़ताल की, फारेंसिक टीम में नमूने भी लिए। प्रबंधक की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। बैंक के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को हिरासत में लिया गया है।
किसरोली निवासी पूर्व प्रधान अतुल गंगवार के अहाते में आर्यावर्त ग्रामीण बैंक की शाखा है। बुधवार रात बाउंड्रीवाल फांदकर अहाते में घुसे चोरों ने पीछे की दीवार में नकब लगाने का प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हुए। इसके बाद दीवार में लगी खिड़की (जंगले) कुछ सरिया काटीं और कुछ तोड़ दीं। खिड़की से चोर बैंक में घुस गए और तिजोरी को तोड़ने का प्रयास किया लेकिन वह तिजोरी तोड़ नहीं पाए। चोर बैंक में लगे चार सीसीटीवी कैमरे व डीवीआर ले गए। गुरुवार सुबह दस बजे चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी शिवम शाक्य बैंक पहुंचे तब वारदात की जानकारी हुई। शिवम की सूचना पर प्रबंधक अजय कुमार त्रिपाठी और अन्य अधिकारी व कर्मचारी भी पहुंच गए। सूचना पर पुलिस ने बैंक में छानबीन की। फारेंसिक टीम ने नमूने लिए और सीओ राजवीर सिंह गौर ने अधिकारियों व कर्मचारियों से पूछताछ की। पुलिस ने बैंक के एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। बैंक प्रबंधक ने बताया कि तिजोरी में रखे 13.50 लाख रुपये सुरक्षित हैं। आरएम पवनवीर सहाय ने भी बैंक पहुंचकर जानकारी ली। थानाध्यक्ष आरके रावत ने बताया कि बैंक प्रबंधक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। खुलासे के लिए टीमें लगा दी गईं हैं।
12 साल बच्चा ही खिड़की में घुस सका
सीओ राजवीर सिंह गौर ने बैंक की खिड़की की टूटी व कटी सरिया देखी। उन्होंने डेमो कराया तो 12 साल का बच्चा ही कटी सरियों के बीच से अंदर घुस पाया। कोई युवक उसमें नहीं घुस सका।
बैंक में दोपहर बाद तक नहीं हो सका लेनदेन
बैंक में चोरी होने से पुलिस के साथ विभागीय अधिकारी भी जांच करते रहे, सभी कर्मचारी भी व्यस्त बने रहे। इससे शाखा में दो बजे के बाद तक लेन देन नहीं हो सका। ग्राहकों को बैरंग लौटना पड़ा।
बैंक में गार्ड नहीं, पुलिस के गश्त पर सवाल
गांव किसरोली स्थित आर्यावर्त ग्रामीण बैंक में गार्ड नहीं रहता है। उसकी सुरक्षा भगवान भरोसे है। एसपी ने सभी थानाध्यक्षों को रात के गश्त में लापरवाही न करने के निर्देश दिए हैं। बैंक से चोरी होने की घटना पुलिस के गश्त पर सवाल खड़े कर रही है।