कमालगंज। ससुराल में पत्नी को बुलाने गया पति विवाद होने के बाद घर वापस जाते समय रास्ते में काली नदी में कूद गया। युवक के छलांग लगाने की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। सिपाहियों ने पहुंचकर नदी में छलांग लगाकर डूब रहे युवक को निकालकर अस्पताल पहुंचाया। उपचार के बाद युवक को लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
जनपद की सीमा खुदागंज पर स्थित काली नदी में बुधवार दोपहर करीब ढाई बजे एक 35 वर्षीय युवक ने पुल से छलांग लगा दी। युवक को कूदते देख लोगों ने इसकी सूचना चौकी पुलिस को दी। सिपाही संजीव कुमार, अर्जुन सिंह व नितिन सैनी मौके पर पहुंचे। सिपाही संजीव ने नदी में छलांग लगाकर बह रहे युवक को साथियों की मदद से बाहर निकाला। उसे टेंपो से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां चिकित्सक विकास पटेल की टीम ने उसका इलाज किया। पुलिस ने आसपास के लोगों को बुलाकर शिनाख्त कराने का प्रयास किया।
हालत में सुधार न होने पर उसे लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस ने युवक के पास मिले मोबाइल की सिम से परिजनों को सूचना दी। लोहिया अस्पताल पहुंचे भोलेपुर निवासी राहुल कुमार ने युवक की पहचान भाई अतुल कुमार के रूप में की। राहुल ने बताया कि भाई सोमवार को कानपुर के पनकी स्थित ससुराल गए थे। वहां उनका पत्नी पूजा से किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसी से नाराज भाई ने नदी में छलांग लगा दी।