कंपिल। थानांतर्गत सराफा की दुकान के दरवाजे तोड़कर से चोरों ने सोमवार की रात हजारों रुपये के जेवर और नगदी पार कर दिए। सूचना पर पहुंची पुलिस जांच कर लौट गई। पीड़ित दुकानदार ने मामले की तहरीर थाने में नहीं दी है।
थाना क्षेत्र के मोहल्ला मांझगांव पूर्व निवासी हितेश वर्मा की कसबे में नवाब मार्केट में लवकुश ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। सोमवार को हिदेश वर्मा दुकान बंद कर घर चले गए। रात में चोरों ने दुकान के पीछे लगे लोहे और लकड़ी के दरवाजे तोड़ कर नगदी और काउंटर के अंदर रखे चांदी के जेवर चोरी कर ले गए।
मंगलवार सुबह हितेश के पुत्र कुश ने दुकान खोली तो चोरी का पता चला। दुकान के पीछे लगे लोहे और लकड़ी के दरवाजे टूटे थे। गोलक और काउंटर पर सामान बिखरा पड़ा था। सूचना पर हितेश भी पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी। एसआई उदयनरायन शुक्ल मौके पर पहुंचे और जांच कर लौट गए।
हितेश वर्मा ने बताया कि चोर चांदी के हार, सिक्के, घुंघरू के पैकेट, आर्टिफिशियल 100 मटर मालाएं और करीब छह हजार चोरी कर ले गए। उन्होंने बताया कि करीब 60 हजार रुपये की चोरी हुई है। फिलहाल इस मामले में दुकानदार हितेश वर्मा ने कोई तहरीर नहीं दी है। एसआई उदयनरायन शुक्ल ने बताया कि तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।