फोटो-17 घटना की जानकारी देती महिला बीना गुप्ता। वीडियो ग्रैब
- फोटो : हरगांव में दंगल में जोर आजमाइश करते पहलवान।
फर्रुखाबाद। शादी समारोह में शामिल होकर टूंडला-फर्रुखाबाद पैसेंजर से घर लौट रही महिला के बैग में रखा 12 लाख रुपये के जेवर से भरा पर्स गायब हो गया। महिला ने घर पहुंचकर बैग देखा तब वारदात की जानकारी हुई।
द्वारिकापुरी स्टेशन पर लघुशंका जाते समय महिला अपने पति के पास बैग रख गई थी। महिला को पास में बैठी किशोरी पर शक है। महिला ने जीआरपी फर्रुखाबाद और मैनपुरी में शिकायत की गई है।
कमालगंज के मोहल्ला आजादनगर निवासी बीना गुप्ता अपने पति सर्वेश गुप्ता के साथ फिरोजाबाद रिश्तेदारी में शादी में शामिल होने गई थीं। सोमवार सुबह टूंडला से फर्रुखाबाद आ रही पैसेंजर ट्रेन से लौट रही थीं।
उनका बैग सीट पर ही रखा था। पास में उनके पति बैठे थे। द्वारिकापुरी स्टेशन के पास वह लघुशंका करने शौचालय में चली गईं। पति से बैग देखे रहने की बात कह कर गई थी। पर फोन पर कॉल आने से सर्वेश गुप्ता उसमें व्यस्त हो गए। इस दौरान किसी ने उनके बैग में जेवर वाले पर्स को पार कर दिया।
सुबह करीब सवा 10 बजे फर्रुखाबाद स्टेशन पर उतरकर वह अपने घर कमालगंज चली गईं। उन्होंने बताया कि बहू को एक शादी में जाना था तो उन्होंने बैग में रखे जेवर निकालकर पहन लेने की बात कही। जब बैग में रखा जेवर भरा पर्स देखा तो जेवर गायब मिला। उन्होंने बताया कि पर्स में एक हार, चेन, मंगलसूत्र, झाले समेत करीब 12 लाख रुपये के जेवर रखे थे। उन्होंने पास में ही बैठी किशोरी पर जेवर भरा पर्स निकालने की आशंका व्यक्त की।
बीना के पुत्र गोपाल गुप्ता और पति सर्वेश गुप्ता ने जीआरपी थाने फर्रुखाबाद पहुंचकर शिकायत की। बताया कि जीआरपी ने घटनास्थल मैनपुरी का होना बताया। इसके बाद वह मैनपुरी जीआरपी थाने पहुंचे। मैनपुरी जीआरपी थानाध्यक्ष सोनू शर्मा ने बताया कि अधिकारियों से जानकारी मिली है। शिकायत मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।