शमसाबाद। दो मकानों का ताला तोड़कर चोर ढाई लाख के जेवर और नकदी चुरा ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल कर नमूने लिए। पीड़ितों ने पुलिस को तहरीर दी।
थाना क्षेत्र के मोहल्ला चौखंडा निवासी गंगापुत्र बाबा भवानी दास मां सुरजा देवी के साथ ढाई घाट पर झोपड़ी बनाकर काफी समय से रह रहे हैं। उनके मकान पर ताला पड़ा हुआ था। गुरुवार की रात चोर मकान का ताला तोड़कर घर के अंदर घुस गए। चोरों ने बक्से का ताला तोड़कर 35 हजार रुपये और दस साड़ी चुरा ले गए।
पड़ोसी राम बहादुर सक्सेना के घर चोर दीवार फांदकर अंदर घुस गए। चोरों ने बक्से का ताला तोड़कर 50 हजार की नकदी, सोने की चेन, झाले, बेंदा व कपड़ों से भरे दो बक्से चुरा ले गए। इस दौरान रामबहादुर, पुत्र जितेंद्र व बहू मीणा के साथ छत पर सो रहे थे।
सुबह जब परिजन जागे तो कमरे में सामान बिखरा हुआ पाया। बक्से गायब मिले। परिजनों के शोर मचाने पर आसपास के लोग आ गए। सूचना पर एसओ बलराज भाटी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने छानबीन की तो किशोरी लाल के मक्के के खेत में खाली बक्से पड़े हुए मिले। चोरी की सूचना पर गंगापुत्र बाबा भवानी दास भी आ गए।
रामबहादुर ने बताया कि खेत का बैनामा कराने के लिए 50 हजार रुपये की व्यवस्था की थी। फाेरेंसिक टीम ने मौके पर जाकर बक्से व दरवाजे पर चोरों के हाथ व पैर के नमूने लिए। एसओ बलराज भाटी ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच के बाद मुकदमा दर्ज कर खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।